1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दिल्ली चुनावों में हार के बीच झारखंड से BJP के लिए आई अच्छी खबर, बाबूलाल मरांडी ने की बड़ी घोषणा

दिल्ली चुनावों में हार के बीच झारखंड से BJP के लिए आई अच्छी खबर, बाबूलाल मरांडी ने की बड़ी घोषणा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 11, 2020 03:00 pm IST,  Updated : Feb 11, 2020 03:00 pm IST

झारखंड के पहले मुख्यमंत्री और झारखंड विकास मोर्चा झाविमो (प्रजातांत्रिक) के अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी ने घोषणा की कि उनकी पार्टी झाविमो (प्रजातांत्रिक) का 17 फरवरी को भाजपा में विलय होगा।

Babulal Marandi- India TV Hindi
Babulal Marandi

नई दिल्ली: दिल्ली चुनावों में हार के बीच झारखंड से भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए अच्छी खबर आई है। झारखंड के पहले मुख्यमंत्री और झारखंड विकास मोर्चा झाविमो (प्रजातांत्रिक) के अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी ने घोषणा की कि उनकी पार्टी झाविमो (प्रजातांत्रिक) का 17 फरवरी को भाजपा में विलय होगा। बता दें कि इससे पहले रविवार को बाबूलाल मरांडी ने दिल्ली में भाजपा के बड़े नेताओं के साथ हुई मुलाकात के बाद यह तय हो गया था कि मरांडी 13 साल बाद पुन: भाजपा में शामिल हो जाएंगे।

17 फरवरी को रांची में आयोजित एक कार्यक्रम में झाविमो अध्यक्ष भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में पार्टी का दामन थामेंगे। वैसे ज्यादा उम्मीद है कि 17 फरवरी को रांची में एक भव्य आयोजन किया जाएगा, जहां झाविमो का भाजपा में विलय हो जाएगा। इस मौके पर भाजपा के कई बड़े नेता उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि झारखंड विधानसभा चुनाव के बाद से ही झाविमो के भाजपा में विलय को लेकर चर्चा चल रही थी। रविवार को दिल्ली में भाजपा के बड़े नेताओं और मरांडी की मुलाकात के बाद यह साफ हो गया था कि बाबूलाल मरांडी की भाजपा में वापसी तय है। सूत्रों का कहना है कि झाविमो के भाजपा में विलय के बाद बाबूलाल मरांडी को झारखंड में कोई बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा सकती है।  गौरतलब है कि इस विलय को लेकर मरांडी ने पिछले कई दिनों से तैयारी प्रारंभ कर दी थी। पिछले दिनों मरांडी ने अपनी पार्टी की नई कार्यकारिणी बनाई थी, जिसमें उनके करीबियों को महत्वपूर्ण पदों पर बिठाया गया था, ताकि विलय को लेकर किसी प्रकार का विरोध या कानूनी अड़चन न पैदा हो जाए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत