1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. भाजपा ने लोकतंत्र की सुपारी ली, शाह के 'हिटमैन' साबित हुए कोश्यारी: कांग्रेस

भाजपा ने लोकतंत्र की सुपारी ली, शाह के 'हिटमैन' साबित हुए कोश्यारी: कांग्रेस

 Reported By: Bhasha
 Published : Nov 23, 2019 12:41 pm IST,  Updated : Nov 23, 2019 12:41 pm IST

कांग्रेस ने महाराष्ट्र में अप्रत्याशित राजनीतिक घटनाक्रम के तहत देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाए जाने को जनादेश के साथ विश्वासघात करार देते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र की सुपारी ले चुकी है।

भाजपा ने लोकतंत्र की सुपारी ली, शाह के 'हिटमैन' साबित हुए कोश्यारी: कांग्रेस- India TV Hindi
भाजपा ने लोकतंत्र की सुपारी ली, शाह के 'हिटमैन' साबित हुए कोश्यारी: कांग्रेस

नयी दिल्ली: कांग्रेस ने महाराष्ट्र में अप्रत्याशित राजनीतिक घटनाक्रम के तहत देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाए जाने को जनादेश के साथ विश्वासघात करार देते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र की सुपारी ले चुकी है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी पर भी निशाना साधा और दावा किया कि वह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के हिटमैन साबित हुए हैं। 

Related Stories

सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ''मुझे मत देखो यूं उजाले में लाकर, सियासत हूं मैं, कपड़े नहीं पहनती। इसे कहते हैं: जनादेश से विश्वासघात, लोकतंत्र की सुपारी।'' उन्होंने दावा किया, "अब ये साबित हो गया कि भाजपा देश के लोकतंत्र की सुपारी ले चुकी है। राज्यपाल एक बार फिर शाह के हिटमैन साबित हुए हैं।" 

सुरजेवाला ने सवाल किया, ''राष्ट्रपति शासन कब हटा?" रातोंरात कब दावा पेश किया गया? कब विधायकों की सूची पेश की गयी? कब विधायक राज्यपाल के समक्ष पेश हुए? चोरों की तरह शपथ क्यों दिलाई? '' 

इससे पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि कांग्रेस, शिवसेना और राकांपा को तीन दिनों के भीतर बातचीत पूरी कर लेनी चाहिए थी। सिंघवी ने ट्वीट कर कहा, '' महाराष्ट्र के बारे में पढ़कर हैरान हूं। पहले लगा कि यह फर्जी खबर है। निजी तौर पर बोल रहा हूं कि तीनों पार्टियों की बातचीत तीन से ज्यादा नहीं चलनी चाहिए थी। यह बहुत लंबी चली। मौका दिया गया तो फायदा उठाने वालों ने इसे तुरंत लपक लिया।'' 

उन्होंने अजीत पवार उप मुख्यमंत्री बनने पर तंज कसते हुए कहा, "पवार जी तुस्सी ग्रेट हो अगर यही सही है तो आश्चर्यजनक है। अभी यकीन नहीं है।" गौरतलब है कि महाराष्ट्र में अप्रत्याशित राजनीतिक घटनाक्रम में राज्यपाल ने शनिवार सुबह देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री और अजीत पवार को उप मुख्यमंत्री पद के लिए शपथ दिला दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत