1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. BJP कर्नाटक में गठबंधन सरकार गिराने की नए सिरे से कोशिश कर रही: डिप्टी CM

BJP कर्नाटक में गठबंधन सरकार गिराने की नए सिरे से कोशिश कर रही: डिप्टी CM

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 01, 2019 05:41 pm IST,  Updated : Jan 01, 2019 05:41 pm IST

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार को सत्ता से बेदखल करने की नए सिरे से कोशिश कर रही है, लेकिन वह इसमें सफल नहीं होगी।

congress bjp- India TV Hindi
congress bjp

बेंगलुरु: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भाजपा राज्य में जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन सरकार को सत्ता से बेदखल करने की नए सिरे से कोशिश कर रही है, लेकिन वह इसमें सफल नहीं होगी। सरकार गिराने के कथित खेल को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग बढ़ने पर परमेश्वर ने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी के असंतुष्ट विधायकों की भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात की व्यवस्था कराने की कोशिशें चल रही है।

उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा विधायकों की खरीद फरोख्त में माहिर है। वे पिछली बार इसे साबित कर चुके हैं। इस बार भी उन्होंने कोशिश (सरकार गिराने की) की, लेकिन वे अपनी कोशिश में नाकाम रहे। एक बार फिर से वे नए सिरे से कोशिश कर रहे हैं।’’

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘उनकी पार्टी के कुछ विधायकों को लुभाने की कोशिश की जा रही है, हालांकि उन्होंने उनके नामों का खुलासा करने से इनकार कर दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास यह सूचना है कि वे कोशिशें (सरकार गिराने की) कर रहे हैं लेकिन वे सफल नहीं होंगे।’’ परमेश्वर ने कहा, ‘‘सरकार सुरक्षित है और दहशत में आने की कोई जरूरत नहीं है।’’

कांग्रेस के असंतुष्ट विधायक रमेश जरकीहोली के दिल्ली में डेरा डाले रहने की खबरों के बीच परमेश्वर ने यह आरोप लगाया है। गौरतलब है कि रमेश को हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल में किए गए फेरबदल के तहत हटा दिया गया था।

वहीं, भाजपा ने सोमवार को कहा कि वह कर्नाटक में गठबंधन सरकार गिराने की कोशिश नहीं कर रही है। प्रदेश भाजपा प्रमुख बीएस येदियुरप्पा ने यह मांग की है कि कांग्रेस अपने दावे को साबित करने के लिए सबूत पेश करे। कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरमैया ने कहा कि वह उपयुक्त समय पर सबूत पेश करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत