नई दिल्ली: कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह के हमले पर पलटवार करते हुए कहा कि अपने दिग्गज नेताओं को जबरन संन्यास दिलवाने और अपमानित करने वाले लोग विपक्षी पार्टी पर सवाल कर रहे हैं। साथ ही कांग्रेस ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र के बारे में लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और यशवंत सिन्हा जैसे नेताओं से पूछा जाना चाहिए। गौरतलब है कि शाह ने गुरुवारको कांग्रेस पर करारा हमला बोलते हुए आरोप लगाया था कि एक परिवार के हित दलीय व राष्ट्रीय हितों पर हावी हो गए हैं।
Related Stories
‘अपने दिग्गज नेताओं को जबरन संन्यास दिलवा दिया’
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कांग्रेस पर हमले वाले शाह के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा, ‘ये बातें वो लोग कर रहे हैं जिन्होंने अपनी पार्टी के उन दिग्गजों के पद हथिया लिए और उन्हें जबरन संन्यास दिलवा दिया और अपमानित किया जिन्होंने इनको (राजनीति में) बनाया।’ उन्होंने लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, केशुभाई पटेल, संजय जोशी और भारतीय जनता पार्टी के कई अन्य नेताओं के नामों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह लिस्ट लंबी है।
‘आंतरिक लोकतंत्र के बारे में आडवाणी, जोशी से पूछें’
गृह मंत्री अमित शाह के बयान के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी में आतंरिक लोकतंत्र के बारे में आडवाणी, जोशी, अरुण शौरी और यशवंत सिन्हा से पूछना चाहिए। इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं कह सकता।’ आपातकाल के संदर्भ में शाह की टिप्पणी पर खेड़ा ने कहा कि इतिहास की बात कर रहे लोगों ने आज देश की संस्थाओं को इतना कमजोर कर दिया है जो पहले कभी नहीं हुआ था।
अमित शाह ने कांग्रेस पर बोला था बड़ा हमला
गौरतलब है कि शाह ने गुरुवार को कांग्रेस पर करारा हमला बोला और आरोप लगाया कि एक परिवार के हित दलीय व राष्ट्रीय हितों पर हावी हो गए हैं। उन्होंने साथ ही सवाल किया कि ‘आपातकाल की मानसिकता’ क्यों आज भी कांग्रेस में विद्यमान है। आपातकाल के 45 साल पूरे होने पर शाह ने एक के बाद एक सिलसिलेवार ट्वीट किए और दावा किया कि कांग्रेस के नेता अब अपनी ही पार्टी में घुटन महसूस कर रहे हैं। उनके मुताबिक जनता से विपक्षी पार्टी की दूरी बढ़ती जा रही है।