नयी दिल्ली: राजस्थान के अलवर शहर के बहरोड थाना क्षेत्र में गायों को ले जा रहे लोगों से मारपीट में एक व्यक्ति की मौत का मामला आज लोकसभा में उठा और कांग्रेस सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार से कार्रवाई की मांग की, जिस पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने घटना का संज्ञान लिया है और केंद्र भी न्यायसंगत कार्रवाई करेगा। शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए सदन में कांग्रेस के नेता खड़गे ने कहा, राजस्थान के अलवर में कुछ लोग डेयरी फामिग के लिए तीन गाय खरीदकर गाय ले जा रहे थे। कई लोगों ने उन्हें रोका और उनकी पिटाई की। घटना के बाद एक व्यक्ति की मौत हो गयी।
ये भी पढ़ें
दलाई लामा के अरुणाचल दौरे पर बिफरा चीन, भारत ने बताया गैर-राजनीतिक
शर्मनाक...56 साल का दादा करता था 13 साल की पोती का रेप, हुई गर्भवती
UP के डॉक्टरों को CM योगी का कड़ा संदेश, ‘जांच के नाम पर लूट बर्दाश्त नहीं’
गोहत्या के खिलाफ इराक से फ़तवा जारी, मुसलमानों से गाय न काटने को कहा
कांग्रेस सांसद ने कहा कि अगर इस ढंग से सरकार चलेगी तो मुश्किल हो जाएगी। राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों से इस तरह की घटनाएं आती रही हैं। अगर ऐसा चलता रहा तो इस देश में अशांति, कानून भंग और संविधान का उल्लंघन होता रहेगा। इस दौरान खड़गे समेत कांग्रेस के सदस्यों और भाजपा के कुछ सांसदों के बीच नोंकझोंक भी हुई। खड़गे ने सरकार से मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को जेल में डाला जाए।
राजनाथ सिंह ने कहा, राजस्थान सरकार ने इस घटना का संज्ञान लिया है। प्राथमिकी दर्ज की गयी है और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। उन्होंने कहा, मैं विश्वास दिलाता हूं कि हम भी न्यायसंगत कार्रवाई के लिए प्रयत्नरत हैं।
गौरतलब है कि राजस्थान पुलिस के अनुसार शनिवार को चार वाहनों में कथित तौर पर अवैध रूप से गोवंश को हरियाणा की ओर ले जाने की सूचना मिलने पर बहरोड के निकट वाहनों को रोक कर उसमें सवार दस लोगों को उतार कर कुछ लोगों के कार्यकर्ताओं ने कथित मारपीट की। मारपीट में घायल हुए हरियाणा के एक व्यक्ति की सोमवार की रात को उपचार दौरान मौत हो गयी।