1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. गुजरात: कांग्रेस नेता अल्पेश ठाकोर के एक बयान से सूबे की सियासत में मची हलचल

गुजरात: कांग्रेस नेता अल्पेश ठाकोर के एक बयान से सूबे की सियासत में मची हलचल

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 08, 2019 06:57 am IST,  Updated : Mar 08, 2019 06:57 am IST

अल्पेश ठाकोर ने अपने अगले कदम पर फैसले के लिए अहमदाबाद में गुरुवार को ठाकोर सेना की बैठक बुलायी थी।

Congress MLA Alpesh Thakor | Facebook- India TV Hindi
Congress MLA Alpesh Thakor | Facebook

अहमदाबाद: गुजरात की सियासत में एक बार फिर से अल्पेश ठाकोर का नाम चर्चा में है। पिछले कुछ दिनों से अटकलें हैं कि वह कांग्रेस का हाथ छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन पकड़ सकते हैं। हालांकि, इन सब चर्चाओं के बीच ओबीसी नेता और कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकोर ने गुरुवार को कहा कि वह अपने अगले राजनीतिक कदम के बारे में शुक्रवार को फैसला करेंगे। आपको बता दें कि राधनपुर के कांग्रेस विधायक ठाकोर ने अपने अगले कदम पर फैसले के लिए अहमदाबाद में गुरुवार को ठाकोर सेना की बैठक बुलायी थी।

भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने को लेकर खबरों के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता ने कहा, ‘मेरी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए मेरे बारे में अफवाह फैलायी जा रही है। मैं कल दोपहर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा और अपना रूख साफ करूंगा।’ बीजेपी में ठाकोर के शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर सूबे के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा, ‘आप अल्पेश ठाकोर से पूछिए।’ हालांकि, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कहा कि कोई भी भाजपा में शामिल होना चाहता है तो उसके लिए पार्टी के दरवाजे खुले हैं।

वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने वडोदरा में कहा कि कांग्रेस का कोई भी विधायक भाजपा में शामिल नहीं होगा। आपको बता दें कि अल्पेश ठाकोर गुजरात में ओबीसी समुदाय के चर्चित नेताओं में से एक हैं। उनकी ठाकोर समुदाय पर अच्छी पकड़ मानी जाती है। हालांकि कई बार वह अपने विवादित बयानों के कारण भी चर्चा में रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत