1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मोदी के कार्यकाल में देश में असहिष्णुता बढ़ी: कांग्रेस

मोदी के कार्यकाल में देश में असहिष्णुता बढ़ी: कांग्रेस

 Written By: Bhasha
 Published : May 16, 2017 05:43 pm IST,  Updated : May 16, 2017 05:43 pm IST

कांग्रेस ने मंगलवार को नरेंद्र मोदी सरकार के तीन वर्षो को असफल करार देते हुए कहा कि इस दौरान देश में असहिष्णुता का माहौल बना है। कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मोदी सरकार ने 2014 में सत्ता में आने के बाद अच्छे दिनो

congress- India TV Hindi
congress

नई दिल्ली: कांग्रेस ने मंगलवार को नरेंद्र मोदी सरकार के तीन वर्षो को असफल करार देते हुए कहा कि इस दौरान देश में असहिष्णुता का माहौल बना है। कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, "मोदी सरकार ने 2014 में सत्ता में आने के बाद अच्छे दिनों और कुछ नया करने का सपना दिखाया था।"

उन्होंने कहा, "उन्होंने अच्छे दिन लाने के बजाए देश के 125 करोड़ लोगों के सपने चूर कर दिए।" सिंधिया ने कहा, "देश में असहिष्णुता का माहौल है और यदि कोई अपनी आवाज उठाता है या बहस करता है तो वे उन्हें देश विरोधी करार दे देते हैं।" सिंधिया ने मोदी सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार लोगों पर दबाव बना रही है कि वे क्या सीखें, क्या पढ़ें, क्या खाएं और क्या पहनें। सिंधिया ने कहा, "यह सरकार एक सोची-समझी रणनीतिक के तहत अपनी नीतियां थोपने की कोशिश कर रही है।"

उन्होंने कहा कि एक ओर जहां सरकार अंबेडकर जयंती मना रही है और उत्तर प्रदेश के मऊ और लंदन में अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है तो वहीं देश में दलित विरोधी माहौल बना हुआ है। उन्होंने कहा, "वहीं, दूसरी तरफ सरकार के लोग देशभर में प्रतिदिन दलितों का शोषण कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में दलित समुदाय के 50 लोगों ने इच्छामृत्यु की इच्छा जताई है।"

सिंधिया ने कहा, "उनके लिए बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दलित-मुक्त और आदिवासी-मुक्त भारत चाहते हैं।" सिंधिया ने कहा, "रोहित वेमुला की मौत और गुजरात के उना में गौरक्षा के नाम पर चार दलितों की निर्मम पिटाई समाज के लिए एक कलंक है।" उन्होंने कहा, "वहीं, सरकार के लोग इन घटनाओं को समाज के लिए अच्छा बता रहे हैं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत