नई दिल्ली: यूपी और उत्तराखंड में जबर्दस्त बहुमत हासिल करने के बाद बीजेपी ने गोवा में सरकार का गठन कर लिया है वहीं मणिपुर में भी सरकार बनाने की कवायद तेज कर दी है। बीजेपी की ओर से मनोहर पर्रिकर ने सीएम पद की शपथ ले ली है। इस मामले पर कांग्रेस पार्टी को सुप्रीम कोर्ट में मुंह की खानी पड़ी।
पल-पल के घटनाक्रम का अपडेट
18.07 गोवा में नौ विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलायी गयी। भाजपा को पर्रिकर के अलावा दो मंत्री पद मिले जबकि सहयोगी दलों जीएफपी को तीन, एमजीपी को दो और निर्दलीय विधायकों को दो मंत्री पद दिए गए।
18.01 राज्यपाल नजमा हेपतुल्ला ने भाजपा को मणिपुुर में सरकार के गठन के लिए आमंत्रित किया, शपथ ग्रहण समारोह कल दोपहर एक बजे होगा: राजभवन।
17.35 सुदीन धवलिनकर, फ्रांसिस डिसूजा, विजय सरदेसाई, मनोहर अजगांवर ने मंत्री पद की शपथ ली
17.20 मनोहर पर्रिकर ने गोवा के सीएम पद की शपथ ली। राजभवन में राज्यपाल मृदुला सिन्हा ने मनोहर पर्रिकर को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
15.19 मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में 21 विधायकों के दावे को देखते हुए गोवा के राज्यपाल कांग्रेस के 17 विधायकों को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं कर सकते थे : जेटली।
15.19 भाजपा पर गोवा में बहुमत चुराने का कांग्रेस का आरोप कुछ ज्यादा ही हो गया : वित्त मंत्री अरूण जेटली।
15.00 पंजाब में वित्तीय समस्याओं का हवाला देते हुये मुख्यमंत्री बनने जा रहे अमरिन्दर सिंह ने आज कहा कि मितव्ययिता उपाय के तहत शपथ ग्रहण समारोह बेहद सादगी भरा रखने का निर्णय किया गया है।
13.47 कांग्रेस के सभी 17 विधायकों ने राजभवन में गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा से मुलाकात की ।
13.00 कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि पार्टी ने रविवार को दावा पेश करने के लिए समय मांगते हुए गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा को रविवार को एक पत्र दिया था लेकिन उन्होंने कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए बुलाया ही नहीं।
12.59 कांग्रेस में ढांचागत बदलाव करने की आवश्यकता : राहुल ।
12.59 भाजपा सत्ता के लिए धन का दुरपयोग कर रही है : राहुल गांधी ने गोवा और मणिपुर में सरकार बनाने के भाजपा के दावे पर कहा ।
12.41 उच्चतम न्यायालय ने कहा कि कांग्रेस, एमजीपी और गोवा फॉरवर्ड पार्टी के विधायकों के समर्थन का संकेत देने वाले हलफानामे लाने में विफल रही ।
12.35 एनपीएफ के चार विधायकों ने मणिपुर की राज्यपाल नजमा हेपतुल्ला से मुलाकात की और सरकार गठन के लिए भाजपा को समर्थन देने की बात कही : राजभवन सूत्र ।
12.23 उच्चतम न्यायालय ने कांग्रेस की याचिका को यह कहते हुए निपटा दिया कि इसमें उठाए गए सभी मुद्दों का समाधान शक्ति परीक्षण कराने के सामान्य निर्देश से हो सकता है।
12.22 उच्चतम न्यायालय ने राज्यपाल से शक्ति परीक्षण के लिए सदन की बैठक बुलाने को कहा ।
12.18 उच्चतम न्यायालय ने निर्देश दिया कि शक्ति परीक्षण के लिए निर्वाचन आयोग संबंधी जरूरी औपचारिकताओं सहित सभी आवश्यक चीजें 15 मार्च तक पूरा कर ली जाएं ।
12.18 सुप्रीम कोर्ट ने पूर्वाह्न 11 बजे विधानसभा सत्र बुलाने का निर्देश दिया और कहा कि सदस्यों के शपथ ग्रहण के बाद सदन का एकमात्र कामकाज शक्ति परीक्षण कराना होगा।
ये भी पढ़ें
- मणिपुर में बनेगी BJP की सरकार, कल होगा शपथ ग्रहण समारोह
- लोकसभा चुनाव के लिए मोदी पहली पसंद: अमेरिकी विशेषज्ञ
12.15 सुप्रीम कोर्ट ने गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में मनोहर पर्रिकर के शपथग्रहण पर रोक लगाने से इनकार किया, 16 मार्च को शक्ति परीक्षण का आदेश दिया ।