1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. प्रशांत किशोर को नीतीश कुमार ने दी बड़ी जिम्मेदारी, प्रशांत ने ट्वीट कर कही यह बात

प्रशांत किशोर को नीतीश कुमार ने दी बड़ी जिम्मेदारी, प्रशांत ने ट्वीट कर कही यह बात

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 16, 2018 06:35 pm IST,  Updated : Oct 16, 2018 07:37 pm IST

बिहार के मुख्यमंत्री व जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने मंगलवार को प्रशांत किशोर को पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया।

Nitish appoints Prashant Kishor JD(U) vice president- India TV Hindi
Nitish appoints Prashant Kishor JD(U) vice president

नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री व जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने मंगलवार को प्रशांत किशोर को पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया। चुनावी रणनीतिकार किशोर के पार्टी में शामिल होने के एक महीने बाद उन्हें यह पद दिया गया है। जद (यू) के प्रवक्ता और महासचिव के.सी.त्यागी ने आईएएनएस से कहा, "उन्हें (प्रशांत किशोर) पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।" उन्होंने कहा, "जद (यू) को उम्मीद है कि किशोर का अनुभव व उनकी विशेषज्ञता पार्टी को एक नई ऊंचाई पर ले जाएगा।"नियुक्ति के फौरन बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि वह बिहार राज्य व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विकास के साथ न्याय की विचारधारा के प्रति समर्पित हैं।

प्रशांत किशोर ने एक ट्वीट में कहा, "मैं इस जिम्मेदारी व सम्मान के लिए जद (यू) व इसके नेतृत्व के प्रति दिल से आभार जाहिर करता हूं। मैं हमेशा से नीतीश जी की विकास के साथ न्याय की विचारधारा व बिहार के प्रति समर्पित रहा हूं।"

प्रशांत किशोर (41) पूर्व में संयुक्त राष्ट्र के अधिकारी रह चुके हैं। वह इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पीएसी) के संस्थापक हैं। किशोर ने 2015 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान नीतीश कुमार की अगुवाई वाले महागठबंधन के चुनाव प्रचार अभियान को सफलतापूर्वक चलाया था।

महागठबंधन में जद (यू), लालू प्रसाद का राजद व कांग्रेस पार्टी शामिल थीं और इसने भाजपा की अगुवाई वाले गठबंधन को विधानसभा चुनाव में हराया था। इसके बाद नीतीश कुमार ने प्रशांत किशोर को अपना सलाहकार बनाया और कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत