1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. रामलीला मैदान का नामकरण वाजपेयी के नाम पर करने का कोई विचार नहीं :उत्तरी दिल्ली निगम

रामलीला मैदान का नामकरण वाजपेयी के नाम पर करने का कोई विचार नहीं :उत्तरी दिल्ली निगम

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 25, 2018 08:20 pm IST,  Updated : Aug 25, 2018 08:20 pm IST

उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) ने आज कहा कि रामलीला मैदान का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

Ramlila maidan- India TV Hindi
Ramlila maidan

नयी दिल्ली: उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) ने आज कहा कि रामलीला मैदान का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। इससे पहले रामलीला मैदान का नाम बदलने को लेकर एक अखबार में छपी खबर को उद्धत करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया था, ‘‘वाजपेयीजी के नाम पर रामलीला मैदान आदि का नामकरण करने से वोट नहीं मिलेंगे। भाजपा को प्रधानमंत्री का नाम बदल देना चाहिए ताकि कुछ वोट मिल जाएं क्योंकि लोग उनके नाम पर वोट नहीं करने वाले।’’ 

इस तरह की खबरों को खारिज करते हुए उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयर आदेश गुप्ता ने कहा कि इस तरह का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘रामलीला मैदान का नामकरण वाजपेयीजी के नाम पर करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। इस तरह की सभी खबरें गलत हैं।’’ 

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी दावा किया कि रामलीला मैदान का नाम बदलने का कोई प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक रूप से प्रेरित कुछ लोग अफवाह फैला रहे हैं कि रामलीला मैदान का नाम बदला जाएगा। हम भगवान राम के भक्त हैं, रामलीला मैदान का नाम बदलने का कोई सवाल नहीं उठता।’’ मेयर ने इस बात को खारिज कर दिया कि एनडीएमसी के कुछ पार्षदों ने नाम बदलने का सुझाव दिया था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत