1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. विधानसभा चुनाव पर नजर? पूरे बिहार में ‘बेरोजगारी हटाओ यात्रा’ निकालेंगे तेजस्वी यादव

विधानसभा चुनाव पर नजर? पूरे बिहार में ‘बेरोजगारी हटाओ यात्रा’ निकालेंगे तेजस्वी यादव

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 10, 2020 07:49 am IST,  Updated : Feb 10, 2020 07:49 am IST

राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को घोषणा की कि वह युवाओं के लिए नौकरी की मांग को लेकर पूरे राज्य में यात्रा करेंगे।

Tejashwi Yadav, Tejashwi Yadav Bihar, Tejashwi Yadav RJD, Tejashwi Yadav Jobs- India TV Hindi
पूरे बिहार में ‘बेरोजगारी हटाओ यात्रा’ निकालेंगे तेजस्वी यादव | PTI File

पटना: राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को घोषणा की कि वह युवाओं के लिए नौकरी की मांग को लेकर पूरे राज्य में यात्रा करेंगे। बता दें कि कुछ महीने बाद बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में सभी पार्टियां जनता को अपने पाले में करने के लिए पूरी कोशिश कर रही हैं। माना ना रहा है कि RJD नेता और सूबे के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की नजर संभवत: विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में अपनी पार्टी का वोट बेस बढ़ाने पर है।

हालांकि तेजस्वी यादव ने यह नहीं बताया कि वह अपनी ‘बेरोजगारी हटाओ यात्रा’ की शुरुआत कब करेंगे लेकिन यह स्पष्ट किया कि उनकी यह यात्रा 5 सप्ताह चलने वाले विधानसभा सत्र के दौरान भी जारी रहेगी। विधानसभा सत्र 24 फरवरी से शुरू होगी। उन्होंने कहा, ‘देश मंदी और बेरोजगारी से जूझ रहा है। मैं बेरोजगारी हटाओ यात्रा के साथ पूरे राज्य में जाऊंगा।’ तेजस्वी पिछले कुछ महीनों ने एनडीए की सरकार पर बेरोजगारी और मंदी से निपटने में सक्षम न होने का आरोप लगाते रहे हैं।

राष्ट्रीय जनता दल को तेजस्वी यादव ने समाज के हर वर्ग का सम्मान करने वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा, ‘RJD केवल ‘एम-वाई’ (मुस्लिम-यादव) की नहीं है। इसका आधार बहुत बड़ा है। पार्टी सभी लोगों की है। हमारा परिवार बहुत बड़ा है जिसमें हम समाज के सभी वर्ग का सम्मान करते हैं और प्रत्येक को उचित प्रतिनिधित्व देते हैं।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत