1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. तृणमूल कांग्रेस को मिला राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा

तृणमूल कांग्रेस को मिला राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा

 Written By: Bhasha
 Published : Sep 03, 2016 07:50 am IST,  Updated : Sep 03, 2016 07:50 am IST

पश्चिम बंगाल में लगातार दो विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के बाद ममता बनर्जी को एक और उपलब्धि हासिल होने वाली है और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस को चुनाव आयोग से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने वाला है।

mamata banerjee- India TV Hindi
mamata banerjee

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल में लगातार दो विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के बाद ममता बनर्जी को एक और उपलब्धि हासिल होने वाली है और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस को चुनाव आयोग से राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने वाला है। चुनाव निकाय सूत्रों ने एक आदेश का हवाला देते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने राष्ट्रीय पार्टी के रूप में मान्यता के लिए चुनाव चिह्न (आरक्षण एवं आवंटन) आदेश, 1968 में बतायी गयी शर्तों में एक को पूरा कर लिया है। कम से कम चार प्रदेशों में राज्य को पार्टी के रूप में मान्यता होने की शर्त को तृणमूल कांग्रेस ने पूरा कर लिया है।

तृणमूल कांग्रेस पश्चिम बंगाल के अलावा मणिपुर, त्रिपुरा और अरूणाचल प्रदेश में भी राज्य की मान्यताप्राप्त पार्टी है। भारत में अब सात राष्ट्रीय पार्टियां हैं जिनमें कांग्रेस, भाजपा, बसपा, माकपा, भाकपा, राकांपा और तृणमूल कांग्रेस शामिल हैं। राष्ट्रीय या राज्य की पार्टी के रूप में मान्यता मिलने के बाद उस पार्टी के चुनाव चिह्न का उपयोग कोई अन्य पार्टी देश भर में नहीं कर सकती।

इसके अलावा ऐसे दलों को अपने कार्यालय स्थापित करने के लिए सरकार की ओर से भूमि या भवन दिए जाते हैं। चुनावों में ऐसे दल 40 स्टार प्रचारक रख सकते हैं जबकि अन्य दल 20 स्टार प्रचारक रख सकते हैं। चुनाव आयोग ने 22 अगस्त को एक नियम में संशोधन किया था जिसके तहत वह किसी राष्ट्रीय या राज्य की पार्टी के दर्जे की समीक्षा पांच साल के बदले 10 साल में करेगा। नियम में संशोधन किए जाने से बसपा, राकांपा और भाकपा को राहत मिली है क्योंकि 2014 के लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के कारण उन पर राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा खोने का खतरा मंडरा रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत