1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. तेजस्वी, कुशवाहा, साहनी ने महागठबंधन में सीट बंटवारे के लिए लालू से की मुलाकात

तेजस्वी, कुशवाहा, साहनी ने महागठबंधन में सीट बंटवारे के लिए लालू से की मुलाकात

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 29, 2018 08:48 pm IST,  Updated : Dec 29, 2018 08:48 pm IST

राजद नेता तेजस्वी यादव, रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और महागठबंधन में हाल ही में शामिल हुए मुकेश साहनी ने रांची की एक जेल में लालू प्रसाद से मुलाकात की।

Upendra Khuswaha, Tejaswi Yadav- India TV Hindi
Upendra Khuswaha and Tejaswi Yadav meet Lalu in RIMS

पटना/रांची: राजद नेता तेजस्वी यादव, रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा और महागठबंधन में हाल ही में शामिल हुए मुकेश साहनी ने रांची की एक जेल में लालू प्रसाद से मुलाकात की। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए बिहार में विपक्षी गठबंधन में सीट बंटवारे की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए वे राजद प्रमुख से मिले। करोड़ों रूपये के चारा घोटाला मामले में दोषी ठहराए गए लालू इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती हैं। राजद के करीबी सूत्रों ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) विरोधी गठबंधन में सीट बंटवारे के सिलसिले में तीनों नेताओं की लालू के साथ बातचीत हुई। बिहार में महागठबंधन में राजद सबसे बड़ा दल है और इसलिए सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए लालू की मंजूरी की जरूरी है। 

Related Stories

महागठबंधन में अभी राजद, कांग्रेस, रालोसपा, साहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) , पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और समाजवादी नेता शरद यादव की लोकतांत्रिक जनता दल शामिल हैं। साहनी पिछले रविवार को संप्रग में शामिल हुए थे। लालू से मुलाकात के बाद साहनी के साथ मौजूद कुशवाहा ने रांची में कहा कि मुख्य रूप से राजद प्रमुख के स्वास्थ्य के बारे में बातचीत हुई। 

उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक चर्चा भी हुई, जिसका ब्योरा सार्वजनिक किया जाना जरूरी नहीं है। लेकिन बेशक हमने भाजपा नीत राजग को बिहार और झारखंड में हराने की रणनीति पर चर्चा की। महागठबंधन के घटक दलों में सीट बंटवारे के बारे में एक सवाल पूछे जाने पर रालोसपा प्रमुख ने कहा कि इस पर बाद में चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी साझेदार आज मौजूद नहीं थे। सीट बंटवारे का फार्मूला अवश्य ही सभी घटक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में तय होना चाहिए। यह पूछे जाने पर कि क्या वह राजग की तुलना में अब महागठबंधन में अधिक सीटें पाने की उम्मीद करते हैं, कुशवाहा ने कहा कि उपयुक्त समय का इंतजार कीजिए। गौरतलब है कि कुशवाहा को राजग ने बिहार में सिर्फ दो सीटों की पेशकश की थी। लालू के छोटे बेटे एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी ने भी अपने पिता से मुलाकात की। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि सीट बंटवारे के फार्मूले की घोषणा करने की कोई जल्दबाजी नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता राजग को करारी शिकस्त देने की है और सीटों की संख्या को प्रतिष्ठा का सवाल नहीं बनाना है।

इस बीच, बिहार कांग्रेस प्रमुख मदन मोहन झा ने पटना में एक क्षेत्रीय समाचार चैनल से कहा कि 14 जनवरी के बाद ही सीट बंटवारे का फार्मूला तैयार होगा। उन्होंने कहा कि हमें लगता है कि कांग्रेस को कम से कम 12 सीटें मिलनी चाहिए, लेकिन हमें इस बात को भी ध्यान में रखना होगा कि हमें कई अन्य घटक दलों को भी स्थान देना है। इस बीच, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीत सत्तारूढ़ जदयू ने महागठबंधन में सीट बंटवारे के लिए लालू से मिलने को लेकर नेताओं के रांची जाने का मजाक उड़ाया है। जदयू एमएलसी एवं प्रवक्ता नीरज कुमार ने लालू का जिक्र कैदी नंबर 3351 के रूप में करते हुए एक बयानजारी किया। उन्होंने कुशवाहा का नाम लिए बगैर कहा कि वह जेल में कैद राजद प्रमुख के सामने दंडवत करने गए हैं। उन्होंने कहा कि मैंने अनुमान लगाया था कि महागठबंधन में सीट बंटवारा सभी घटक दलों के होटवार जेल में दंडवत करने के बाद होगा। यह सही साबित हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत