1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. केरल के 70 फीसदी विधायकों पर हैं आपराधिक मामले, ADR की रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे

केरल के 70 फीसदी विधायकों पर हैं आपराधिक मामले, ADR की रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे

 Published : Mar 19, 2026 10:10 am IST,  Updated : Mar 19, 2026 10:10 am IST

ADR की रिपोर्ट के अनुसार केरल के 70% विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें कई गंभीर आरोप शामिल हैं। वहीं, सूबे के 55% विधायक करोड़पति हैं और 61 फीसदी विधायक ग्रेजुएट हैं।

Kerala MLA criminal cases, ADR report Kerala 2026, Kerala election watch report- India TV Hindi
केरल के अधिकांश विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। Image Source : PTI

नई दिल्ली: एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स  और केरल इलेक्शन वॉच की नई रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि केरल विधानसभा के मौजूदा विधायकों में से लगभग 70 प्रतिशत पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि केरल के आधे से ज्यादा मौजूदा विधायक करोड़पति हैं। रिपोर्ट में सूबे के 132 विधायकों के हलफनामों का अध्ययन किया गया था। इसमें पाया गया कि 92 विधायकों ने अपने ऊपर लंबित आपराधिक मामले बताए हैं। इनमें से 33 विधायकों पर गंभीर आपराधिक मामले हैं। इन गंभीर मामलों में हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप शामिल हैं।

2 विधायकों पर हैं हत्या के मामले

रिपोर्ट के मुताबिक, 2 विधायकों ने आईपीसी की धारा 302 (हत्या) के मामले घोषित किए हैं। तीन विधायकों पर हत्या के प्रयास (धारा 307) के आरोप हैं। इसके अलावा 3 विधायकों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले हैं, जिनमें से एक में बलात्कार का आरोप भी शामिल है। सबसे ज्यादा आपराधिक मामले CPI(M) के विधायकों पर हैं, जबकि दूसरे नंबर पर कांग्रेस है। हालांकि प्रतिशत के हिसाब से देखा जाए तो कांग्रेस पहले और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग दूसरे नंबर पर है। 

सभी पार्टियों में आपराधिक मामले

पार्टी-वार आंकड़े देखें तो हर पार्टी में स्थिति चिंताजनक है। आइए, आपको पार्टियों के हिसाब से आंकड़े दिखाते हैं:

  1. CPI(M) के 58 में से 43 विधायक (74 प्रतिशत) पर आपराधिक मामले हैं।
  2. कांग्रेस के 21 में से 19 विधायक (90 प्रतिशत) पर मामले हैं।
  3. CPI के 44 प्रतिशत विधायकों पर मामले दर्ज हैं।
  4. IUML के 86 प्रतिशत विधायकों ने आपराधिक मामले घोषित किए हैं।

कुछ पार्टियों के सभी MLA करोड़पति

आर्थिक स्थिति की बात करें तो 72 विधायकों (55 प्रतिशत) ने अपनी संपत्ति 1 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई है। सभी 132 विधायकों की कुल संपत्ति 363.78 करोड़ रुपये है। एक विधायक की औसत संपत्ति 2.75 करोड़ रुपये है।  कुछ पार्टियों के सभी विधायक करोड़पति हैं जिनमें केरल कांग्रेस (एम), जेडी(एस), NCP और केरल कांग्रेस शामिल है। IUML के 86 प्रतिशत विधायक करोड़पति हैं, कांग्रेस के 62 प्रतिशत और CPI(M) के 40 प्रतिशत विधायक करोड़पतियों की लिस्ट में शुमार हैं।

सबसे अमीर और सबसे गरीब विधायक

कांग्रेस के माथ्यू कुजलनादन सूबे के सबसे अमीर विधायक हैं। उनकी कुल संपत्ति 34 करोड़ रुपये से ज्यादा है। दूसरे नंबर पर निर्दलीय विधायक मणि सी. कप्पन हैं, जिनकी संपत्ति 27 करोड़ रुपये से अधिक है। तीसरे नंबर पर केरल कांग्रेस (B) के केबी गणेश कुमार हैं, जिनके पास 19 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। सबसे कम संपत्ति वाले विधायक CPI(M) के पीपी सुमोद हैं। उन्होंने सिर्फ 9.9 लाख रुपये की संपत्ति घोषित की है।

किस पार्टी में हैं सबसे पढ़े-लिखे विधायक

शिक्षा के मामले में 61 प्रतिशत विधायक ग्रेजुएट या उससे ऊपर पढ़े हुए हैं। 36 प्रतिशत ने कक्षा 5 से 12 तक की पढ़ाई बताई है। ADR की रिपोर्ट के मुताबिक, सूबे की विधानसभा में महिलाओं की संख्या बहुत कम है। सिर्फ 11 विधायक ही महिलाएं हैं जो कि कुल संख्या का 8 फीसदी है। उम्र की बात करें तो 70 प्रतिशत विधायक 51 से 80 साल के बीच हैं, जबकि 30 प्रतिशत 25 से 50 साल के आयुवर्ग में हैं। बता दें कि यह रिपोर्ट केरल विधानसभा के मौजूदा 132 विधायकों के हलफनामों पर आधारित है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत