1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. केरल स्थानीय निकाय चुनावों में AAP ने भी गाड़े झंडे, जानें कहां-कहां मिली जीत

केरल स्थानीय निकाय चुनावों में AAP ने भी गाड़े झंडे, जानें कहां-कहां मिली जीत

 Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : Dec 13, 2025 10:26 pm IST,  Updated : Dec 13, 2025 10:26 pm IST

केरल स्थानीय निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी ने इतिहास रचते हुए पहली बार 3 सीटें जीतीं। करीमकुन्नम, मुलेनकोल्ली और उझावूर ग्राम पंचायतों में AAP की महिला उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस नीत UDF ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया।

Kerala local body elections, AAP Kerala victory, Aam Aadmi Party Kerala seats- India TV Hindi
आम आदमी पार्टी ने केरल की चुनावी राजनीति में अपना खाता खोल लिया है। Image Source : PTI FILE

तिरुवनंतपुरम: केरल में स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा सीटों पर अपना परचम लहराया है, जबकि CPM के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट को झटका लगा है। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले NDA ने इन चुनावों में अपने प्रदर्शन में अच्छा-खासा सुधार किया है, लेकिन इन सबके बीच आम आदमी पार्टी ने सूबे में अपना खाता खोलते हुए इतिहास रच दिया है। बता दें कि आम आदमी पार्टी ने केरल में पहली बार सफलता हासिल की है। पार्टी ने कुल मिलाकर 3 सीटें जीतीं हैं और खास बात यह है कि सभी सीटें महिलाओं ने जीती हैं।

केरल में किसने लहराया AAP का परचम?

करीमकुन्नम ग्राम पंचायत के वार्ड 13 से बीना कुरियन, मुलेनकोल्ली ग्राम पंचायत के वार्ड 16 से सिनी एंटोनी और उझावूर ग्राम पंचायत के वार्ड 4 से स्मिता ल्यूक ने आम आदमी पार्टी का झंडा गाड़ दिया है। पूर्व मेयर और MCD में आम आदमी पार्टी की पार्षद डॉक्टर शैली ओबेरॉय ने विजेताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत महिलाओं के सशक्तिकरण का एक मजबूत उदाहरण है। डॉ. ओबेरॉय ने आगे कहा, 'यह सफलता पार्टी के समर्पित स्वयंसेवकों की अथक मेहनत और कड़ी लगन का नतीजा है। साथ ही, यह AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की स्पष्ट दृष्टि और जनसेवा के प्रति पार्टी की निरंतर प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।'

कांग्रेस के लिए मनोबल बढ़ाने वाले नतीजे

बता दें कि 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले स्थानीय निकाय चुनावों में अच्छे प्रदर्शन से कांग्रेस का मनोबल निश्चित रूप से बढ़ा होगा। कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF ने इन चुनावों में निर्णायक जीत हासिल की है, जिससे LDF को झटका लगा है। वहीं, BJP ने दशकों से लेफ्ट के नियंत्रण वाले तिरुवनंतपुरम के नगर निकाय पर कब्जा कर लिया, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य की राजनीति का 'ऐतिहासिक क्षण' बताया। दिलचस्प बात यह है कि शनिवार को पूरे राज्य में डाले गए वोटों की गिनती के दौरान, तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस के लोकसभा सांसद शशि थरूर की BJP को बधाई देते हुए 'लोकतंत्र की सुंदरता' वाली टिप्पणी सबसे ज्यादा चर्चा में रही।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत