संसद के भीतर ई-सिगरेट पीने को लेकर राजनीतिक घमासान छिड़ा हुआ है। बीते हफ्ते भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिकायत की थी कि संसद परिसर में ई-सिगरेट का प्रयोग किया जा रहा है। अनुराग ठाकुर ने इस बारे में लोकसभा अध्यक्ष से लिखित शिकायत भी की थी और मामले में कार्रवाई की मांग की थी। तब इस बात का पता नहीं लगा था कि आखिर संसद में ई-सिगरेट का प्रयोग किसने किया है। हालांकि, अब भाजपा नेता अमित मालवीय ने तृणमूल कांग्रेस के सांसद कीर्ति आजाद का नाम इस मामले से जोड़ा है।
क्या बोले अमित मालवीय?
भाजपा नेता अमित मालवीय ने अपने आधाकारिक X हैंडल पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- "भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने जिस टीएमसी सांसद पर संसद के अंदर वैपिंग करने का आरोप लगाया है, वह कोई और नहीं बल्कि कीर्ति आजाद हैं। उनके जैसे लोगों के लिए, नियमों और कानूनों का स्पष्ट रूप से कोई मतलब नहीं है। जरा उस दुस्साहस की कल्पना करें, जो सदन में रहते हुए अपनी हथेली में ई-सिगरेट छिपा रहा हो। धूम्रपान गैरकानूनी नहीं हो सकता है, लेकिन संसद में इसका उपयोग पूरी तरह से अस्वीकार्य है। ममता बनर्जी को अपने सांसद के दुर्व्यवहार पर स्पष्टीकरण देना चाहिए।"
अनुराग ठाकुर ने क्या शिकायत की थी?
भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को दी गई अपनी शिकायत में कहा था कि सदन की कार्यवाही के दौरान तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद को अपनी सीट पर बैठे हुए खुलेआम इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट का उपयोग करते हुए देखा गया। अनुराग ठाकुर ने कहा था कि कई सदस्यों ने भी ये चीज देखी है। उन्होंने इस घटना को संसदीय मर्यादा का उल्लंघन बताया था और कहा था कि ये कानून के तहत एक संज्ञेय अपराध भी है।
वैप क्या होता है?
आपको बता दें कि वैप एक मशीन है जो कि बैटरी से चलता है और ई-सिगरेट या अन्य नशीले पदार्थ के उपयोग के लिए प्रयुक्त होता है। भारत सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट को देश में पूरी तरह से प्रतिबंधित कर रखा है।
ये भी पढ़ें- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर क्यों भड़के CM उमर अब्दुल्ला? बोले- 'यह घटना शर्मनाक है...', महबूबा मुफ्ती का भी लिया नाम