1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. शिवराज सिंह चौहान का ऐलान, 'दिल्ली नहीं जाऊंगा, पहले ये खास काम जरूरी'

शिवराज सिंह चौहान का ऐलान, 'दिल्ली नहीं जाऊंगा, पहले ये खास काम जरूरी'

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Dec 05, 2023 03:24 pm IST,  Updated : Dec 05, 2023 08:02 pm IST

मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को मिले प्रचंड बहुमत की चर्चा चारों ओर हो रही है। चुनाव परिणाम ने साबित कर दिया है करीब दो दशक के शासन के बाद भी पार्टी के खिलाफ राज्य में कोई भी माहौल नहीं था। अब राज्य में सीएम को लेकर कयासों का दौर जारी है।

शिवराज सिंह चौहान- India TV Hindi
शिवराज सिंह चौहान Image Source : PTI

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बंपर जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी सीएम पद के दावेदार को लेकर लगातार मंथन कर रही है। राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के चेहरे के बजाए पीएम मोदी और सामूहिक नेतृत्व में मैदान में उतरने का फैसला किया था। सीएम पद को लेकर जारी कयासों के बीच सीएम शिवराज सिंह चौहान ने एक बड़ा ऐलान कर दिया है। उन्होंने साफ कर दिया है कि वह फिलहाल किसी भी चर्चा के लिए दिल्ली नहीं जा रहे हैं।

पहले हारी हुई सीटों पर ध्यान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि वह अभी दिल्ली नहीं जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि कल वो छिंदवाड़ा जिले की यात्रा पर जाएंगे, जहां भाजपा सभी 7 सीटों पर जीत दर्ज नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि उनका सिर्फ एक संकल्प है और वह है भाजपा को आगामी लोकसभा चुनाव 2024 में मध्य प्रदेश में सभी 29 सीटों पर जीत दिलाना। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को मध्य प्रदेश से 29 कमल के फूल की माला मिलनी चाहिए।

2019 में मिली थी बंपर जीत

साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में भाजपा का प्रदर्शन शानदार रहा था। पार्टी ने राज्य की 29 लोकसभा सीटों में से 28 को जीतकर अपने नाम किया था। वहीं कांग्रेस को केवल एक सीट छिंदवाड़ा से संतोष करना पड़ा था। वहीं, साल 2014 में हुए लोकसभा चुनावों में भी भाजपा ने राज्य की 29 में से 27 सीटों पर कब्जा किया था। तब कांग्रेस को छिंदवाड़ा और गुना यानी कुल 2 सीटों पर संतोष करना पड़ा था।

 
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत