1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस ने विधायक राहुल ममकूटाथिल को सस्पेंड किया, यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच एक्शन

कांग्रेस ने विधायक राहुल ममकूटाथिल को सस्पेंड किया, यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच एक्शन

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Aug 25, 2025 12:03 pm IST,  Updated : Aug 25, 2025 12:03 pm IST

कांग्रेस विधायक के इस्तीफे की मांग पहले से उठ रही थी। पार्टी के कई नेताओं ने कहा था कि राहुल को इस्तीफा दे देना चाहिए। इसके बाद उन्हें सस्पेंड करने का फैसला किया गया है।

Rahul Mamkootathil- India TV Hindi
राहुल ममकूटाथिल Image Source : INSTAGRAM/RAHUL MAMKOOTATHIL

केरल कांग्रेस ने पलक्कड़ से विधायक राहुल ममकूटाथिल को सस्पेंड कर दिया है। उन पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगे हैं। इन आरोपों के बाद उन्होंने केरल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। हालांकि, वह पार्टी और विधायक के पद पर बने हुए थे। विपक्षी दल लगातार उनके इस्तीफे की मांग कर रहे थे। ऐसे में पार्ट के अंदर भी राहल के खिलाफ आवाजें उठनी शुरू हो गई थीं। रविवार को केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) के प्रमुख सनी जोसेफ और पार्टी के वरिष्ठ नेता के मुरलीधरन ने कहा था कि वरिष्ठ नेताओं के बीच विचार-विमर्श के बाद राहुल के मामले में उचित निर्णय लिया जाएगा। अब उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

जोसेफ ने कहा था कि वह और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं से बात करेंगे और सही समय पर उचित निर्णय लेने से पहले सभी की राय ली जाएगी। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘जब हम इस तरह के किसी निर्णय पर पहुंचेंगे, तो इसकी आधिकारिक सूचना दी जाएगी।’’ मुरलीधरन ने भी कहा था कि पलक्कड़ से विधायक के खिलाफ आरोपों के संबंध में हाल ही में सामने आईं कुछ ऑडियो क्लिप ‘‘मामले को और गंभीर बनाती हैं’’। 

पार्टी के अंदर हो रहा था विरोध

केरल कांग्रेस के नेता ही राहुल के खिलाफ आवाज उठाने लगे थे। टीवी चैनलों पर ममकूटाथिल और एक महिला के बीच कथित बातचीत की ऑडियो क्लिप प्रसारित हुई थी। इसके बाद मुरलीधरन ने कहा था कि पार्टी कोई कदम उठाएगी। यह जल्द ही होगा। बाद में, कांग्रेस महासचिव और अलप्पुझा से सांसद के सी वेणुगोपाल ने भी इसी तरह की राय व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक गंभीर मुद्दा है और पार्टी जल्द ही इस पर निर्णय लेगी। उन्होंने कहा था कि पार्टी ने मामला सामने आने के 24 घंटों में ही कार्रवाई करते हुए यह सुनिश्चित किया कि ममकूटाथिल युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दें। 

उसा थामस ने कही थी इस्तीफे की बात

वेणुगोपाल ने कहा था कि केरल में पार्टी के वरिष्ठ नेता इस मामले पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं और जल्द ही कोई निर्णय लिया जाएगा। दिवंगत कांग्रेस नेता पी टी थॉमस की पत्नी और पार्टी विधायक उमा थॉमस ने कहा था कि ममकूटाथिल को विधायक पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि आरोप गलत थे तो ममकूटाथिल को तुरंत मानहानि का मुकदमा दायर करना चाहिए था। थॉमस ने कहा, ‘‘लेकिन ऐसा नहीं किया गया। चुप्पी ठीक नहीं है।’’ खबरों के अनुसार सतीशन और पार्टी के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नितला ममकूटाथिल के इस्तीफे के पक्ष में हैं। 

सतीशन ने पहले दिए थे संकेत

सतीशन ने एक दिन पहले कहा था कि पार्टी इस मुद्दे को ‘‘बहुत गंभीरता’’ से ले रही है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई करेगी। अभिनेत्री रिनी एन जॉर्ज द्वारा एक राजनीतिक दल के ‘‘युवा नेता’’ पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाए जाने और उसके बाद भाजपा तथा डीवाईएफआई द्वारा प्रदर्शन किए जाने के बाद ममकूटाथिल को पार्टी की आंतरिक जांच का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत