1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण पर विवाद, BJP सांसद ने दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस

लोकसभा में राहुल गांधी के भाषण पर विवाद, BJP सांसद ने दिया विशेषाधिकार हनन का नोटिस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 03, 2022 01:57 pm IST,  Updated : Feb 03, 2022 03:36 pm IST

निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के भाषण का हवाला देते हुए कहा है कि राहुल गांधी ने संसद में केन्द्र और राज्य के संबंध में गलत बयानबाजी कर देश को तोड़ने की साजि़श की है।

निशिकांत दुबे, सांसद, बीजेपी- India TV Hindi
निशिकांत दुबे, सांसद, बीजेपी Image Source : PTI

Highlights

  • राहुल गांधी की मानसिकता जिन्ना के दो राष्ट्र के सिद्धांत जैसी-निशिकांत दुबे
  • राहुल गांधी का भाषण देश को टुकड़ों में बांटने की साजिश- निशिकांत दुबे

नई दिल्ली: भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर सदन में गलत बयानबाजी करने और देश को टुकड़ों में बांटने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना करने का नोटिस दिया है।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर लोक सभा में विपक्ष की तरफ से चर्चा की शुरूआत करते हुए बुधवार को राहुल गांधी द्वारा केंद्र और राज्यों के संबंधों पर दिए गए बयान की आलोचना करते हुए भाजपा सांसद ने लोक सभा अध्यक्ष को राहुल गांधी के खिलाफ यह नोटिस दिया है।

निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी के भाषण का हवाला देते हुए कहा है कि राहुल गांधी ने संसद में केन्द्र और राज्य के संबंध में गलत बयानबाजी कर देश को तोड़ने की साजि़श की है। भारत में राज्य की सीमा संसद तय करती है विधानसभा को राज्य की सीमा निर्धारित करने का अधिकार नहीं है।

दुबे ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी की मानसिकता जिन्ना के दो राष्ट्र के सिद्धांत की है। लोकसभा में दिया उनका भाषण देश को टुकड़ों में बांटने की साजिश है और इसलिए उन्होंने उनके खिलाफ लोक सभा अध्यक्ष को विशेषाधिकार हनन, गलतबयानी और सदन की अवमानना का नोटिस दिया है।

दुबे ने राहुल गांधी पर बाबा साहेब के संविधान का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह अमेरिका नहीं भारत है जिसमें राज्य, केंद्र शासित प्रदेश व नए मिले भूभाग को मिलाकर देश बना है।

राहुल गांधी को भारतीय संविधान पढ़ने की सलाह देते हुए भाजपा सांसद ने पूछा कि जब आंध्र प्रदेश को काटकर तेलंगाना बनाया गया तो उनकी केंद्र सरकार ने विधानसभा के विरोध को किस आधार पर दरकिनार कर अलग राज्य बनाया था?

इनपुट-आईएएनएस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत