1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के बावजूद गरजे PM मोदी, यहां पढ़ें भाषण की सभी बड़ी बातें

लोकसभा में विपक्ष के हंगामे के बावजूद गरजे PM मोदी, यहां पढ़ें भाषण की सभी बड़ी बातें

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Jul 02, 2024 05:32 pm IST,  Updated : Jul 02, 2024 06:06 pm IST

पीएम मोदी ने कहा कि हमारा एकमात्र लक्ष्य नेशन फर्स्ट है। हम तुष्टिकरण नहीं बल्कि संतुष्टिकरण पर काम करते हैं। आज का भारत आतंकियों को घर में घुसकर मारता है।

PM Modi- India TV Hindi
लोकसभा में पीएम मोदी Image Source : PTI

नई दिल्ली: लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर पीएम मोदी ने धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब दिया। इस दौरान विपक्ष ने लोकसभा में जमकर हंगामा और नारेबाजी की लेकिन पीएम मोदी ने अपना भाषण नहीं रोका। इस दौरान स्पीकर ओम बिरला ने कई बार विपक्ष को फटकार लगाई लेकिन विपक्ष हंगामा करता रहा। 

हमारा एकमात्र लक्ष्य नेशन फर्स्ट: पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि देश की जनता ने बीजेपी के 10 साल के ट्रैक रिकॉर्ड को देखा है। हमारा एकमात्र लक्ष्य नेशन फर्स्ट है। हमारी सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर काम करती है। इस विचार को सर्वोपरि रखते हुए हमने देश की सेवा करने का प्रण लिया है।

तुष्टिकरण नहीं बल्कि संतुष्टिकरण: पीएम

पीएम मोदी ने कहा कि हम तुष्टिकरण नहीं बल्कि संतुष्टिकरण के विचार से काम करते हैं। इस देश ने लंबे समय तक तुष्टिकरण की राजनीति को देखा है। लेकिन हम संतुष्टिकरण की बात करते हैं, जिससे आखिरी व्यक्ति तक लाभ पहुंचे। सच्चे अर्थों में हम सेक्युलर हैं। 

आतंकियों को घर में घुसकर मारता है आज का भारत: पीएम 

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 के पहले आतंकी देश पर हमला करते थे। लेकिन 2014 के बाद का भारत घर में घुसकर मारता है। वो एयर स्ट्राइक करता है और सर्जिकल स्ट्राइक करता है। पहले धारा 370 का वो जमाना था, सेनाओं पर पत्थर फेंके जाते थे। हम लोग निराश होकर कहते थे कि अब जम्मू-कश्मीर में कुछ नहीं हो सकता।  लेकिन 370 की दीवार गिरी और मजबूत लोकतंत्र की स्थापना हुई।

2014 के पहले बैंकों पर ताले थे: पीएम 

पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले एक समय था जब बड़े बैंकों पर ताले लगाए जा रहे थे। 2014 के बाद नीतियों में बदलाव हुआ और फैसलों में तेजी देखने को मिली। दुनिया के अच्छे बैंकों में आज भारत के बैंकों का स्थान बन गया है। 10  सालों में भारत का जो विकास हुआ है, उसने बेंचमार्क सेट कर दिया है। 10 सालों में हमने जो रफ्तार पकड़ी है, उसे और गति देना है। अब हम इकोनॉमी को तीसरे स्थान पर ले जाएंगे। 

हम तीन गुना रफ्तार से काम करेंगे: पीएम 

पीएम ने कहा कि अब हम तीन गुना रफ्तार से काम करेंगे और तीन गुना परिणाम लाकर देंगे। हम चार करोड़ गरीबों के घर बना चुके हैं और आने वाले समय में तीन करोड़ घर बनाएंगे। इससे इस देश के गरीबों को बिना छत के नहीं रहना पड़ेगा। 10 सालों में हमने देश की करोड़ो बहनों को उद्यमी बनाया है।

लगातार तीन बार कांग्रेस 100 का आंकड़ा पार नहीं कर पाई: पीएम 

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार तीसरी बार 100 का आंकड़ा पार नहीं कर पाई। कांग्रेस के इतिहास में यह तीसरा सबसे खराब प्रदर्शन है। कांग्रेस को अपनी हार स्वीकार करनी चाहिए थी और आत्ममंथन करना चाहिए था।

2024 से कांग्रेस परिजीवी कांग्रेस के रूप में जानी जाएगी: पीएम 

पीएम ने कहा कि 2024 से कांग्रेस परिजीवी कांग्रेस के रूप में जानी जाएगी। परिजीवी वह होता है, जो जिस शरीर के साथ रहता है, उसी को खाता है। कांग्रेस जिस पार्टी के साथ गठबंधन बनाती है, उसी को खा जाती है। इसलिए कांग्रेस परिजीवी कांग्रेस बन चुकी है।

राहुल गांधी पर साधा निशाना 

पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर बिना नाम लिए तंज कसा और कहा कि कांग्रेस इस बात को साबित करने की कोशिश कर रही है जैसे उन्होंने हमें हरा दिया हो। मैं जरा अपने सामान्य जीवन का वक्तव्य बताता हूं। एक छोटा बच्चा साइकिल लेकर निकला है। वो बच्चा गिर जाता है। साइकिल से लुढ़क जाता है। रोने लगता है। एक बड़ा व्यक्ति उसके पास आकर कहता कि चींटी मर गई, चिड़िया उड़ गई। तुम बहुत अच्छी साइकिल चलाते हो। उसका ध्यान बंटाकर के उस बच्चे का मन बहला देते हैं। वैसे ही बच्चों के मन बहलाने का काम चल रहा है। कांग्रेस और उसका ईको सिस्टम सिर्फ मन बहलाने का काम कर रहा है। आदरणीय सभापति जी 1984 उपचुनाव को याद कीजिए, उसके बाद इस देश में 10 लोकसभा के चुनाव हुए हैं। इसके बावजूद कांग्रेस 250 के आंकड़े को छू नहीं पाई है।

कांग्रेस 543 में 99 नंबर लेकर आई: पीएम 

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को कुछ लोग बधाई दे रहे हैं कि तुम 100 में 99 नंबर लाए हो। अब उनको कौन बताए कि ये 100 में से नहीं 543 में से 99 नंबर लाए हैं। फेल होने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया है।

पीएम मोदी ने शोले फिल्म का किया जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को शोले फिल्म की मौसी तो याद होगी। तीसरी बार ही तो हारे हैं, पर मौसी 13 राज्यों में शून्य सीटें आई हैं । अरे मौसी 13 राज्यों में जीरो सीटें आईं हैं लेकिन हीरो तो हैं ना। अरे मौसी, पार्टी की लुटिया ही तो डुबाई है। पार्टी अभी सांसें तो ले रही है। ईमानदारी से देशवासियों के जनादेश को समझने की कोशिश कीजिए, उसे स्वीकार कीजिए।

कांग्रेस पर लगाया आर्थिक अराजकता फैलाने का आरोप 

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस लोगों को लड़ाने के लिए रोज नई नई अफवाहें फैला रही है। वह देश में आर्थिक अराजकता फैलाने के लिए सोची समझी साजिश रच रही है। सीएए को लेकर अराजकता फैलाई गई। देश के लोगों को गुमराह करने का खेल खेला गया। देश को दंगों में झोंकने के लिए भी कुत्सित प्रयास किए गए।

राहुल के कल के भाषण पर कसा तंज, कहा- बालक का बुद्धि विलाप चल रहा था 

पीएम मोदी ने राहुल गांधी के कल के भाषण पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि एक बच्चा स्कूल से आया और जोर जोर से रोने लगा, उसने मां से कहा कि मां मुझे स्कूल में मारा गया। मां ने पूछा बेटा बात क्या थी? बेटा ये नहीं बता रहा था कि आज स्कूल में उस बच्चे ने किसी बच्चे को मां के लिए अपशब्द कहे थे। उसने ये नहीं बताया कि उसने किसी की किताबें फाड़ दी थीं। उसने ये नहीं बताया कि किसी का टिफिन चुराकर खा दिया था। हमने कल सदन में ऐसी ही बचकाना हरकत देखी है। कल यहां बालक बुद्धि का विलाप चल रहा था। 

पीएम ने कहा कि उन्हें ये नहीं बताया कि वे हजारों करोड़ रुपये की हेराफेरी में गिरफ्तार किए गए हैं। उनको देश की अदालत पर गैरजिम्मेदार बयान देने पर माफी मांगनी पड़ी है। उन पर वीर सावरकर का अपमान करने का मुकदमा चल रहा है। इनके अनेक नेताओं, अधिकारियों, संस्थानों पर झूठ बोलने के आरोप लगे हैं। बालक बुद्धि में व्यवहार का कोई ठिकाना नहीं होता। जब ये बालक बुद्धि पूरी तरह सवार हो जाती है, तो सदन में भी किसी के गले पड़ जाते हैं। इनकी चालाकी को पूरा देश समझ गया है। इसलिए आज देश इनसे कह रहा है- तुमसे ना हो पाएगा।

पूरा भाषण यहां देखें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत