1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'किसी चुनाव को हल्के में न लें', हरियाणा में कांग्रेस की हार पर केजरीवाल ने कह दी ऐसी बात

'किसी चुनाव को हल्के में न लें', हरियाणा में कांग्रेस की हार पर केजरीवाल ने कह दी ऐसी बात

 Published : Oct 08, 2024 04:49 pm IST,  Updated : Oct 08, 2024 04:57 pm IST

हरियाणा चुनाव परिणाम का असर अन्य राज्यों में भी देखने को मिल रहा है। आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के देखते हुए अरविंद केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं को खास नसीहत दे दी है।

अरविंद केजरीवाल। - India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल। Image Source : PTI

हरियाणा में विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजे लगभग सामने आ गए हैं। खबर लिखे जाने तक भारतीय जनता पार्टी राज्य में 49 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, कांग्रेस 36 और अन्य 5 सीटों पर आगे हैं। यानी ये साफ हो रहा है कि भाजपा लगातार तीसरी बार हरियाणा में सरकार बना रही है। वहीं, हरियाणा के चुनाव परिणाम पर विभिन्न दलों के रिएक्शन भी सामने आने लगे हैं। आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल एक कार्यक्रम में हरियाणा चुनाव परिणाम को 'सबक' की तरह बताया है। आइए जानते हैं कि केजरीवाल ने और क्या कुछ कहा है।

कभी भी अति आत्मविश्वासी नहीं होना चाहिए- केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि हरियाणा में चुनाव परिणाम का सबसे बड़ा सबक ये है कि चुनावों में कभी भी अति आत्मविश्वासी नहीं होना चाहिए। उन्होंन कहा कि देखिए, हरियाणा में चुनाव के नतीजे क्या रहते हैं। सबसे बड़ा सबक यही है कि किसी को भी चुनाव में अति आत्मविश्वासी नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘किसी चुनाव को हल्के में नहीं लेना चाहिए। हर चुनाव और हर सीट मुश्किल होती है।

दिल्ली चुनावों पर करें फोकस- केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के पार्षदों से अगले साल फरवरी में होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए कड़ी मेहनत करने को कहा है। उन्होंने पार्षदों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि उनके वार्ड से कूड़े का उचित तरीके से संग्रह और निपटान किया जाए। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली चुनाव में आपकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी। हम चुनाव जीतेंगे, बशर्ते आप अपने इलाकों से कूड़े का उचित संग्रह और निपटान सुनिश्चित करें जो एक बहुत ही बुनियादी बात है।

हरियाणा में AAP को 0 सीटें

हरियाणा में आम आदमी पार्टी ने 90 में से 89 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए थे। हालांकि, AAP हरियाणा में एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर सकी है। ज्यादातर सीटों पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों का प्रदर्शन काफी खराब रहा है। बता दें कि AAP ने कांग्रेस के साथ चुनाव पूर्व गठबंधन की कोशिश की थी और 9 सीटें मांगी थी। हालांकि, ये गठबंधन नहीं हो पाया था। केजरीवाल ने इससे पहले हरियाणा में चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि आप के समर्थन के बिना राज्य में कोई सरकार नहीं बनेगी।

ये भी पढ़ें- कांग्रेस के आरोप पर चुनाव आयोग का जवाब- हर 5 मिनट में डेटा अपडेट किया, झूठा नैरेटिव न फैलाएं


Haryana Assembly Election Results: हरियाणा और J&K में जहां सीएम योगी ने की रैली, उन सीटों का क्या है हाल?

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत