1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Draupdi Murmu: गृहराज्य ओड़िशा पहुंच भावुक हुई द्रौपदी मुर्मू, कहा- मुख्यमंत्री ने उम्मीदवारी का समर्थन कर ‘राखी’ का वादा निभाया

Draupdi Murmu: गृहराज्य ओड़िशा पहुंच भावुक हुई द्रौपदी मुर्मू, कहा- मुख्यमंत्री ने उम्मीदवारी का समर्थन कर ‘राखी’ का वादा निभाया

 Written By: Pankaj Yadav
 Published : Jul 08, 2022 08:47 pm IST,  Updated : Jul 08, 2022 08:52 pm IST

Draupdi Murmu: NDA की तरफ से राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को अपने गृहराज्य ओड़िशा पहुंचीं। ओड़िसा पहुंचने के बाद उनका भव्य स्वागत किया गया। यह देख मुर्मू बेहद भावुक हो गईं।

Draupadi Murmu and Naveen Patnaik- India TV Hindi
Draupadi Murmu and Naveen Patnaik Image Source : INDIA TV

Highlights

  • द्रौपदी मुर्मू अपने गृहराज्य ओड़िसा पहुंचीं
  • नवीन पटनायक ने राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन देने का किया ऐलान
  • राज्य के अन्य दलों से भी उन्होंने समर्थन मांगा

Draupdi Murmu: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को जब अपने गृहराज्य ओडिशा पहुंचीं तो उनका शानदार स्वागत किया गया। जिसे देखकर मुर्मू भावुक हो गईं। मुर्मू ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने उनकी उम्मीदवारी के समर्थन की घोषणा कर ‘राखी’ का वादा निभाया। इससे पहले अधिकारियों ने गुरूवार को बताया था कि मयूरभंज जिले की रहने वाली आदिवासी नेता मुर्मू जब प्रचार के लिए ओडिशा आएंगी तो उनका “राजकीय अतिथि” की तरह स्वागत किया जाएगा। 

मुख्यमंत्री के समर्थन के लिए मैं उनकी ऋणी रहूंगी -मुर्मू

विधानसभा परिसर में बीजू जनता दल के विधायकों और सांसदों के साथ बातचीत के दौरान मुर्मू ने कहा कि मैंने सुभद्रा (बहन) की तरह जगन्नाथ (पटनायक) की कलाई में राखी बांधी थी। बहन के कुछ मांगने से पहले, भाई ने उसे समर्थन देने की घोषणा कर दी। ओडिशा की इस बेटी के प्रति उनके (पटनायक) व्यवहार के लिए मैं उनकी ऋणी रहूंगी। मुख्यमंत्री ने अपने आवास ‘नवीन निवास’ पर मुर्मू के लिए भोज का आयोजन किया था। मुख्यमंत्री आवास के सूत्रों ने बताया कि भोज के दौरान ‘बैगन भाजा’, ‘आलू भरता’ और ‘बड़ी चूड़ा’ तथा दाल चावल जैसे ओड़िया व्यंजन परोसे गए थे। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और बीजद के संसदीय दल के नेता पिनाकी मिश्रा भी नवीन निवास में आयोजित भोज में शामिल हुए। 

उड़िसा के सभी विधायक मेरे भाई-बहन है और मैं उनसे उनका समर्थन चाहती हूं

मुर्मू ने कहा कि वह ओडिशा विधानसभा में दो बार चुन कर आई थीं। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी विधायक उनके भाई और बहन की तरह हैं। मैंने उनमें से ज्यादातर लोगों के साथ काम किया है। मेरे जाने के बाद जो लोग सदन के सदस्य बने वह भी मेरे भाई और बहन हैं। मैं उन्हें व्यक्तिगत तौर पर तो नहीं जानती लेकिन टेक्नोलॉजी ने हम सभी को एक दूसरे के नजदीक ला दिया है। मैं अपने सभी भाई और बहनों का समर्थन चाहती हूं। NDA की ओर से राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी ने सभी विधायकों से ओडिशा के विकास के लिए काम करने का आग्रह किया। बीजद के विधायकों से बातचीत के बाद मुर्मू ने भारतीय जनता पार्टी के विधायकों और सांसदों के साथ एक और बैठक की, जिसमें उन्होंने अपने स्वागत के लिए सभी को धन्यवाद दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि “ओडिशा की बेटी” को अन्य दलों के विधायक भी समर्थन देंगे। 

स्वागत कार्यक्रम में विधायक-सांसद ने आदिवासी नृत्य पेश किया

इससे पहले राज्य में पहुंचने पर मुर्मू का बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर औपचारिक स्वागत किया गया। इस मौके पर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला विधायक कुसुम टेटे ने आदिवासी नृत्य पेश किया और भुवनेश्वर से पार्टी की सांसद अपराजिता सारंगी ने झांझ बजाई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समीर मोहंती और सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के उपाध्यक्ष देवी प्रसाद मिश्रा के साथ-साथ कई अन्य वरिष्ठ नेता पार्टी लाइन से हटकर मुर्मू के स्वागत के लिए हवाईअड्डे पर मौजूद थे। सारंगी ने कहा, ‘‘मुर्मू रायरंगपुर से रायसीना हिल्स तक की अपनी अभूतपूर्व यात्रा जरूर पूरी करेंगी। देश के सर्वोच्च पद के लिए एक ओड़िया व्यक्ति को चुनने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार।’’ मुर्मू के स्वागत में ‘कीर्तन’ गायकों की कई मंडलियों ने भी प्रस्तुति दी। NDA की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार के दौरे के मद्देनजर शहर भर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत