1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Lok Sabha Election Results 2024: यूपी से लेकर बंगाल तक, रुझानों में भाजपा को इन राज्यों में लग रहा बड़ा झटका

Lok Sabha Election Results 2024: यूपी से लेकर बंगाल तक, रुझानों में भाजपा को इन राज्यों में लग रहा बड़ा झटका

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Jun 04, 2024 12:17 pm IST,  Updated : Jun 04, 2024 02:50 pm IST

लोकसभा चुनाव 2024 के मतगणना के शुरुआती आंकड़ों में भाजपा को कई राज्यों में झटका लगता दिख रहा है। आइए जानते हैं कुछ ऐसे ही राज्यों के बारे में हमारी इस खबर में।

Lok Sabha Election Results 2024- India TV Hindi
Lok Sabha Election Results 2024 Image Source : PTI

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए मतगणना शुरू हो चुकी है। भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए और कांग्रेस के नेतृत्व का इंडी अलायंस दोनों ही अपनी जीत के दावे कर रहा है। हालांकि, चुनाव के रुझान या मतगणना के आंकड़े भाजपा को चौंका रहे हैं। उत्तर प्रदेश, बंगाल समेत कई ऐसे राज्य हैं जहां भाजपा को अनुमान से काफी कम सीटें मिलती दिखाई दे रही हैं और विपक्ष उन्हें कड़ी टक्कर दे रहा है। आइए जानते हैं कि किन राज्यों में भाजपा को सबसे ज्यादा झटका लगा है। 

उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस का कमाल

भाजपा के लिए सीटों के लिहाज से सबसे सुरक्षित राज्य उत्तर प्रदेश ही माना जा रहा था। हालांकि, इसी राज्य में उसे सबसे ज्यादा टक्कर मिली है। मतगणना के ताजा आंकड़ों को देखें तो उत्तर प्रदेश की 80 में से 33 सीटों पर भाजपा, 36 पर सपा, 8 पर कांग्रेस और 2 पर आरएलडी आगे चल रही है। 

पश्चिम बंगाल में बड़ा झटका

बीते लोकसभा चुनाव 2019 में पश्चिम बंगाल में भाजपा को 18 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। भाजपा को उम्मीद थी कि इस चुनाव में पार्टी 25 से ज्यादा सीटे हासिल करेगी। हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा को यहां तगड़ा झटका दिया है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में तृणमूल कांग्रेस 31, भाजपा 10 और कांग्रेस 1 सीट पर आगे चल रही है। 

हरियाणा में कांग्रेस ने दी टक्कर

हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। बीते 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की सभी 10 सीटों पर जीत हासिल की थी। हालांकि, इस चुनाव में भाजपा को कांग्रेस ने कड़ी टक्कर दी है। राज्य में जारी मतगणना के ताजा आंकड़ों की बात करें तो यहां कांग्रेस 5, भाजपा 4 और आम आदमी पार्टी 1 सीट पर आगे चल रही है। 

महाराष्ट्र में भी झटका

महाराष्ट्र में भी भारतीय जनता पार्टी को कड़ा झटका लगा है। राज्य में भाजपा को 13, शिवसेना को 6 और एनसीपी को 1 सीट पर बढ़त है। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस को 11, शिवसेना यूबीटी को 11 और एनसीपी शरद पवार को 6 सीटों पर बढ़त है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत