1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. दो फेज के चुनाव में भाजपा को कितनी सीटों पर मिल रही जीत? अमित शाह ने खुद बताया

दो फेज के चुनाव में भाजपा को कितनी सीटों पर मिल रही जीत? अमित शाह ने खुद बताया

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Apr 30, 2024 10:50 am IST,  Updated : Apr 30, 2024 11:04 am IST

लोकसभा चुनाव 2024 के दो फेज के चुनाव समाप्त हो चुके हैं और 5 फेज के चुनाव अभी बाकी हैं। सभी दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस बात की जानकारी दी है कि दो फेज में भाजपा को कितनी बढ़त मिली है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह।- India TV Hindi
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह। Image Source : PTI

भारत में इस वक्त लोकसभा चुनाव 2024 का सीजन चल रहा। राजनीतिक दलों से लेकर आम जनता तक इस चुनाव में व्यस्त है। 19 अप्रैल और 26 अप्रैल 2024 को लोकसभा चुनाव के दो चरणों की वोटिंग हो चुकी है। पहले चरण के चुनाव में 102 सीटों और दूसरे चरण में 88 सीटों पर चुनाव आयोजित किए गए थे। दो फेज की वोटिंग के बाद विभिन्न दल अपनी-अपनी जीत और बढ़त के दावे कर रहे हैं। हालांकि, अब केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा नेता अमित शाह ने भी इस बात की जानकारी दी है कि दो फेज में भाजपा और उसके सहयोगियों को कितनी सीटें मिलने की उम्मीद है। 

भाजपा+ कितनी सीटों पर आगे?

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सभी जानते हैं कि 7 चरणों में होने वाले चुनाव के 2 चरण समाप्त हो चुके हैं। इन दो चरणों के बाद हमारी पार्टी के इंटरनल असेसमेंट के हिसाब से बीजेपी और साथी दल मिलकर 100 सीटों के आगे निकल चुके हैं। अमित शाह ने कहा कि हम बड़े विश्वास के साथ जनता के आशीर्वाद और समर्थन से 400 पार के हमारे लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहे हैं। 

भाजपा SC/ST, OBC के आरक्षण की समर्थक- अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि कुछ दिन से कांग्रेस ने हमारे 400 पार के लक्ष्य को ट्वीस्ट करना शुरू किया है। वो दुष्प्रचार कर रहे हैं कि भाजपा 400 पार करने के बाद संविधान बदल देगी और आरक्षण को समाप्त कर देगी। ये दोनों चीजें निराधार और तथ्यहीन है। कांग्रेस झूठ फैलाकर जनता के बीच में भ्रांति पैदा करना चाहती है। मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि भाजपा SC/ST, OBC के आरक्षण की समर्थक है और हमेशा इसके संरक्षक के रूप में अपनी भूमिका निभाएगी।

हम धर्म के आधार पर आरक्षण खत्म करेंगे- अमित शाह

अमित शाह ने कहा कि SC/ST, OBC के आरक्षण पर किसी राजनीतिक दल ने अगर डाका डाला है, तो वो कांग्रेस पार्टी ने डाला है। सबसे पहले उन्होंने संयुक्त आंध्र प्रदेश में मुसलमानों को आरक्षण दिया, जिसके कारण OBC का रिजर्वेशन कटा। उसके बाद कर्नाटक में उन्होंने रातों-रात बिना किसी सर्वे, पिछड़ापन तय किए बगैर सारे मुसलमानों को OBC कैटेगरी में डालकर उनके लिए 4% का कोटा रिजर्व कर दिया, इससे भी पिछड़ा वर्ग का रिजर्वेशन कटा है। भाजपा स्पष्ट रूप से मानती है कि धर्म के आधार पर आरक्षण गैर-संवैधानिक है और जब भी इन राज्यों में हमारे पास अधिकार आएगा, हम धर्म के आधार पर लादे गए आरक्षण को समाप्त करके SC/ST और OBC न्याय दिलाने का काम करेंगे।

ये भी पढ़ें- आज शाम कांग्रेस करेगी अमेठी-रायबरेली से उम्मीदवारों की घोषणा, प्रियंका गांधी नहीं लड़ेंगी चुनाव- सूत्र


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पास कितनी है संपत्ति? अपना कोई वाहन भी नहीं

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत