1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Lok Sabha Elections 2024: वोट डालने के बाद येदियुरप्पा ने कहा, 'माहौल बहुत अच्छा है, हम 25-26 सीटें जीतने जा रहे हैं'

Lok Sabha Elections 2024: वोट डालने के बाद येदियुरप्पा ने कहा, 'माहौल बहुत अच्छा है, हम 25-26 सीटें जीतने जा रहे हैं'

 Published : May 07, 2024 12:02 pm IST,  Updated : May 07, 2024 12:02 pm IST

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा ने दावा किया है कि बीजेपी 2024 के लोकसभा चुनावों में कर्नाटक की 28 में से कम से कम 25 से 26 सीटों पर जरूर जीत दर्ज करेगी।

Lok Sabha Elections 2024, Lok Sabha Elections, Elections 2024- India TV Hindi
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा। Image Source : PTI FILE

बेंगलुरु: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनावों में सूबे की कम से कम 25 से 26 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। येदियुरप्पा कर्नाटक की 14 लोकसभा सीटों पर मंगलवार सुबह से जारी मतदान में सबसे पहले मताधिकार का प्रयोग करने वालों में शामिल रहे। पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने दावा किया कि राज्य में उनकी पार्टी 25-26 सीट पर जीत हासिल करेगी। येदियुरप्पा ने अपने बेटों, शिमोगा लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार बी.वाई.राघवेंद्र तथा पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बी.वाई.विजयेंद्र और पुत्रवधुओं के साथ शिवमोगा जिले के शिकारीपुरा में वोट डाला। बता दें कि राज्य में कुल 28 लोकसभा सीट हैं।

‘लोग मोदी को एक बार फिर PM बनाना चाहते हैं’

कर्नाटक की अधिकांश दक्षिणी और तटीय जिलों की अन्य 14 सीटों पर 26 अप्रैल को मतदान संपन्न हो चुका है। मतदान के बाद येदियुरप्पा ने कहा, ‘मेरे अनुसार हम (BJP) 28 लोकसभा सीट में से कम से कम 25 से 26 सीट जीतने जा रहे हैं। माहौल बहुत अच्छा है। हम जहां भी जाते हैं लोग कहते हैं ‘मोदी-मोदी’। इसका अपना प्रभाव पड़ने वाला है। हमें विश्वास है कि राघवेंद्र (शिमोगा में) ढाई लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीतेंगे। हमें उन सभी 14 सीटों पर जीत का भरोसा है जिनके लिए मतदान हो चुका है। अगर बची हुई एक-दो सीटों पर कुछ ऊपर-नीचे हो जाए तो भी मेरी राय में हम 25-26 सीट जीत लेंगे। लोग नरेंद्र मोदी को एक बार फिर प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं।’

‘4 जून को मतगणना के दिन कांग्रेस को झटका लगेगा’

वहीं, कर्नाटक बीजेपी के चीफ विजयेंद्र ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 25 सीटों पर जीत हासिल की थी और इस बार भी BJP-जनता दल (सेक्युलर) गठबंधन उन सभी सीट को बरकरार रखेगा और ‘एक नया रिकॉर्ड स्थापित करेगा’। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के नतीजों का असर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री एस. के. शिवकुमार पर पड़ेगा। उन्होंने कहा,‘कांग्रेस अपनी गारंटी के दम पर 20 से ज्यादा सीटें जीतने के भ्रम में है। 4 जून को मतगणना के दिन उन्हें झटका लगेगा। लोगों को कांग्रेस की अस्थायी गारंटी की तुलना में मोदी की स्थायी गारंटी पर अधिक भरोसा है।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत