1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. खट्टर ने कहा- पराली के मुद्दे पर किसानों को भड़का रहे हैं भगवंत मान, हरियाणा से ही सीख लेते

खट्टर ने कहा- पराली के मुद्दे पर किसानों को भड़का रहे हैं भगवंत मान, हरियाणा से ही सीख लेते

 Published : Nov 03, 2022 09:33 am IST,  Updated : Nov 03, 2022 09:33 am IST

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पंजाब की भगवंत मान सरकार पर पराली प्रबंधन में नाकाम रहने का आरोप लगाया है। खट्टर ने कहा है कि खुद तो पंजाब के सीएम कुछ नहीं कर रहे, उल्टे किसानों को भड़का रहे हैं और केंद्र पर झूठे आरोप लगा रहे हैं।

Khattar Slams Bhagwant Mann, Khattar attacks Bhagwant Mann, Bhagwant Mann Stubble- India TV Hindi
हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर। Image Source : PTI

चंडीगढ़: पराली जलने की वजह से प्रदूषण में हुई बढ़ोत्तरी के बाद सियासी दलों और उनके नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने पराली जलाने के मुद्दे पर बुधवार को पंजाब सरकार को आड़े हाथों लिया। खट्टर ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह किसानों को भड़काने के साथ-साथ केंद्र सरकार पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। बीजेपी के वरिष्ठ नेता खट्टर ने पराली जलाने के मुद्दे पर मान द्वारा दिए जा रहे बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

‘मान को पराली मैनेजमेंट पर काम करना चाहिए’

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने कहा कि मान पराली जलाने का समाधान खोजने की बजाय आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहे हैं। खट्टर ने चंडीगढ़ में जारी एक आधिकारिक बयान में कहा, ‘भगवंत मान किसानों को भड़का रहे हैं। केंद्र सरकार के खिलाफ झूठे आरोप लगाने के बजाय उन्हें पराली मैनेजमेंट पर रणनीति बनानी चाहिए।’ बता दें कि भगवंत मान ने खेत में पराली जलाने के लिए पंजाब के किसानों को निशाने पर लेने के लिए बुधवार को बीजेपी के नेतृत्व वाले केंद्र सरकार की आलोचना की थी।

‘पंजाब के किसानों से बदला लेना चाहती है बीजेपी’
भगवंत मान ने आरोप लगाया कि बीजेपी अब निरस्त कर दिये गए कृषि कानूनों के खिलाफ एक साल के आंदोलन व उसके ‘अहंकार’ को तोड़ने का बदला राज्य के किसानों से लेना चाहती है। मान का यह बयान ऐसे समय आया है जब बीजेपी ने पराली जलाने के मामलों की बढ़ती संख्या को लेकर पंजाब की AAP सरकार पर एक दिन पहले निशाना साधा था और उससे अपनी ‘गहरी नींद’ से जागने के लिए कहा था। बता दें कि पंजाब में पराली जलाए जाने की घटनाओं में वृद्धि के बीच दिल्ली में प्रदूषण खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है।

Khattar Slams Bhagwant Mann, Khattar attacks Bhagwant Mann, Bhagwant Mann Stubble
Image Source : PTIपंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान।

‘पंजाब को हरियाणा के नक्शेकदम पर चलना चाहिए’
प्रदूषण के लिए राज्य के किसानों को ‘बदनाम’ करने के लिए बीजेपी पर निशाना साधते हुए मान ने केंद्र से सवाल किया कि वह हरियाणा जैसे आसपास के क्षेत्रों के बारे में क्यों नहीं बोलता। खट्टर ने पलटवार करते हुए कहा कि पंजाब को हरियाणा के नक्शेकदम पर चलना चाहिए और किसानों को पराली मैनेजमेंट के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस साल हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं में 25 फीसदी की कमी आई है।

खट्टर ने लिया अरविंद केजरीवाल का भी नाम
खट्टर ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पहले प्रदूषण के लिए पंजाब और हरियाणा के किसानों को जिम्मेदार ठहराते थे, लेकिन पंजाब में अपनी पार्टी के सत्ता में आने के बाद अब सारा दोष हरियाणा पर शिफ्ट हो गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में यमुना का भी यही हाल है और ज्यादा प्रदूषण की वजह से यह नदी नाले के जैसी हो गई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में दिल्ली और आसपास के इलाके की हवा और जहरीली होगी। ऐसे में इस मुद्दे पर सियासी दलों के रुख को देखना दिलचस्प होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत