1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. नवीन पटनायक ने बनाया नया रिकॉर्ड, सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले दूसरे मुख्यमंत्री बने

नवीन पटनायक ने बनाया नया रिकॉर्ड, सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले दूसरे मुख्यमंत्री बने

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jul 22, 2023 07:17 pm IST,  Updated : Jul 22, 2023 07:48 pm IST

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक सबसे लंबे समय तक CM पद पर रहनेवाले दूसरे मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने ज्योति बसु के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

नवीन पटनायक, सीएम ओडिशा- India TV Hindi
नवीन पटनायक, सीएम ओडिशा Image Source : पीटीआई

भुवनेश्वर : ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। देश में सबसे लंबे समय तक CM के पद पर रहने वाले वे दूसरे मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु का रिकॉर्ड तोड़ा है। देश में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड अभी भी सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के नाम है। चामलिंग 12 दिसंबर, 1994 से 27 मई, 2019 तक 24 वर्षों से अधिक समय तक हिमालयी राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे। 

पांच मार्च 2000 को संभाली थी सीएम की कुर्सी

ओडिशा के पांच बार मुख्यमंत्री रहे नवीन पटनायक ने पांच मार्च 2000, को पदभार संभाला था और वह 23 वर्ष एवं 138 दिनों से मुख्यमंत्री के पद पर हैं। ज्योति बसु 21 जून, 1977 से पांच नवंबर, 2000 तक पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री रहे थे। उनका कार्यकाल 23 वर्ष एवं 137 दिन का था। किसी राज्य के लगातार पांच बार मुख्यमंत्री बनने वाले नेताओं में चामलिंग और बसु के बाद पटनायक तीसरे नेता हैं। 

2024 का विधानसभा चुनाव जीतने पर फिर बनाएंगे नया रिकॉर्ड

अगर सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजेडी) 2024 का विधानसभा चुनाव जीतती है, तो पटनायक भारत में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री के पद पर रहने वाले शख्स होंगे। बीजेडी के उपाध्यक्ष प्रसन्ना आचार्य ने बताया, ''हमें खुशी है कि हमारे मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुखिया ज्योति बसु के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। मैं आश्वस्त हूं कि पटनायक अतीत के सभी रिकॉर्ड को ध्वस्त करेंगे और सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री का पद संभालने वाले नेता बनेंगे।'' 

किसने कितनी कम अवधि में इतिहास रचा-बीजेपी

कांग्रेस नेता एस. कांग्रेस नेता एस.एस.सालुजा ने कहा, ''हम नवीन पटनायक को दूसरे सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री बने रहने के लिए बधाई देते हैं लेकिन हमें दुख है कि पटनायक अपने कार्यकाल के दौरान कुछ भी नहीं कर रहे हैं।'' बीजेपी के वरिष्ठ नेता सुरेश पुजारी ने कहा कि इतिहास यह याद नहीं रखेगा कि कौन कितने लंबे वक्त तक मुख्यमंत्री रहा बल्कि यह याद किया जाएगा कि किसने कितनी कम अवधि में इतिहास रचा। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत