1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अगले कुछ घंटों में तय हो जाएगा BJP से ओडिशा का नया मुख्यमंत्री, कल होना है शपथ समारोह

अगले कुछ घंटों में तय हो जाएगा BJP से ओडिशा का नया मुख्यमंत्री, कल होना है शपथ समारोह

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 09, 2024 07:49 am IST,  Updated : Jun 09, 2024 08:00 am IST

ओडिशा में बीजेपी ने 78 सीटें जीतकर बहुमत प्राप्त किया है। बीजेपी ने यहां बीजू जनता दल (BJD) को हराया है। ओडिशा में अभी तक नवीन पटनायक राज्य के मुख्यमंत्री थे।

ओडिशा बीजेपी - India TV Hindi
ओडिशा बीजेपी Image Source : FILE PHOTO-PTI

ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई सरकार बनने जा रही है। ऐसे में राज्य के नए मुख्यमंत्री सोमवार (10 जून) को शपथ ले सकते हैं। भुवनेश्वर के जनता मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा। मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह के लिए जनता मैदान में भव्य तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। ओडिशा में अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस सवाल के जवाब में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा की अगले कुछ घंटों का इंतजार करना होगा। इसके बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री का नाम सबके सामने होगा।

पार्टी में हैं बहुत अनुभवी नेता

सामल ने कहा कि भाजपा संसदीय दल अपनी बैठक में मुख्यमंत्री के नाम का चयन करेगा। राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इसके बारे में उन्हें अभी कोई जानकारी नहीं है। इसके लिए अभी थोड़ा इंतजार करना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में पार्टी के बहुत अनुभवी नेता हैं। वे राज्य के हित को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेंगे।

खुद के सीएम के नाम पर क्या बोले बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष?

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं? इस सवाल का जवाब देते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सामल ने कहा, 'मैं नहीं हूं। मुझे पार्टी से जो जिम्मेदारी सौंपी गई है। उसे पूरा कर रहा हूं।' मालूम हो कि बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हाल ही में हुए ओडिशा विधानसभा चुनाव में चांदबली सीट से हार गए हैं।

बीजेपी ने जीतीं 78 सीटें

बता दें कि ओडिशा विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल की है। 147 विधानसभा सीटों में 78 सीटें बीजेपी ने जीती हैं। बीजेडी ने 51 सीटें जीती हैं। कांग्रेस के खात में 14 सीटें आई हैं, जबकि सीपीआई (एम) ने एक सीट जीती है। इसके साथ ही 3 निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत हासिल की है। ओडिशा में अभी तक नवीन पटनायक राज्य के मुख्यमंत्री थे।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत