1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. पीएम मोदी बोले, 'डबल इंजन की रफ्तार से आगे बढ़ रहा ओडिशा, दलितों को मूल सुविधाएं पहुंचाने पर जोर'

पीएम मोदी बोले, 'डबल इंजन की रफ्तार से आगे बढ़ रहा ओडिशा, दलितों को मूल सुविधाएं पहुंचाने पर जोर'

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Sep 27, 2025 01:32 pm IST,  Updated : Sep 27, 2025 01:32 pm IST

पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा में हजारों घर बनाने का काम चल रहा है। ओडिशा डबल इंजन की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। ओडिशा के विकास के लिए, देश के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का काम शुरू हुआ है।

Pm Modi- India TV Hindi
नरेंद्र मोदी Image Source : X/PM MODI

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि ओडिशा डबल इंजन की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने झारसुगुड़ा से दूरसंचार, रेलवे और उच्च शिक्षा जैसे क्षेत्रों से जुड़ीं 60,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार के प्रयासों से राज्य तेजी से प्रगति कर रहा है। मोदी ने देश भर में आठ आईआईटी के विस्तार की आधारशिला रखी, जिससे अगले चार वर्षों में 10,000 नए छात्र आईआईटी में पढ़ सकेंगे। 

प्रधानमंत्री ने झारसुगुड़ा में रैली में को संबोधित करते हुए कहा कि कला और संस्कृति के प्रति ओडिशा का प्रेम और लगाव विश्व प्रसिद्ध है। मोदी ने कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार के प्रयासों से ओडिशा तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने गुजरात के सूरत जिले में बरहामपुर को उधना से जोड़ने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। 

अमृत भारत ट्रेन से ओड़िया लोगों को फायदा

पीएम मोदी ने कहा कि ब्रह्मपुर-उधना अमृत भारत ट्रेन से गुजरात में रह रहे ओड़िया लोगों को फायदा होगा। चिप से लेकर शिप तक भारत को आत्मनिर्भर बनाना हमारा संकल्प है। प्रधानमंत्री ने 1,400 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 34 किलोमीटर लंबी कोरापुट-बैगुड़ा रेल लाइन और 82 किलोमीटर लंबे मनाबर-कोरापुट-गोरपुर खंड राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने बीएसएनएल की 'स्वदेशी' तकनीक से निर्मित 97,500 से अधिक 4जी दूरसंचार टावरों की शुरुआत की। मोदी ने संबलपुर शहर में 273 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पांच किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का उद्घाटन किया। जून 2024 में ओडिशा में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से 15 महीने में प्रधानमंत्री का राज्य का यह छठा दौरा है। मोदी का झारसुगुड़ा दौरा सात साल के अंतराल के बाद हुआ है। वह 22 सितंबर 2018 को ओडिशा के दूसरे वाणिज्यिक हवाई अड्डे का उद्घाटन करने के लिए यहां आए थे।

मां समोली और मां रामोचंडी को नमन कर शुरू किया भाषण

पीएम मोदी ने मां समोली और मां रामोचंडी को नमन कर अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा, नवरात्रि का पर्व चल रहा है और ऐसे पावन दिनों में मुझे मां समोली और मां रामोचंडी देवी की इस भूमि पर आप सभी के दर्शन का सौभाग्य मिला है। आपका आशीर्वाद ही हमारी शक्ति है। मैं आप सभी को नमन करता हूं। डेढ़ साल पहले, विधानसभा चुनाव के दौरान ओडिशा के लोगों ने एक नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने का प्रण लिया था, ये संकल्प था विकसित ओडिशा। आज हम देख रहे हैं, ओडिशा डबल इंजन की रफ्तार से आगे बढ़ने लगा है। आज फिर एक बार, ओडिशा के विकास के लिए, देश के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स का काम शुरू हुआ है।

बीएसएनएल का नया अवतार सामने आया

पीएम ने कहा कि आज से बीएसएनएल का नया अवतार भी सामने आया है। बीएसएनएल स्वदेशी 4जी सर्विसेज लॉन्च हुई हैं। हमारा बहुत जोर गरीबों को, दलितों को, पिछड़ों को, आदिवासियों को मूल सुविधाएं पहुंचाने पर है। जब एक गरीब परिवार को पक्का घर मिलता है, तो वर्तमान ही नहीं, भावी पीढ़ियों का जीवन भी आसान हो जाता है। हमारी सरकार देशभर के 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्का घर दे चुकी है। ओडिशा में भी हजारों घर बनाने का काम चल रहा है। आज करीब 50,000 परिवारों को घर की स्वीकृति मिली है। 

जहाज निर्माण पर जोर

जो भी देश आर्थिक रूप से सशक्त होना चाहता है, वो बड़े-बड़े जहाज निर्माण पर बहुत बल देता है। व्यापार हो, तकनीक हो या फिर देश की सुरक्षा जहाज निर्माण से हर जगह फायदा होता है। अपने जहाज होंगे तो संकट के समय दुनिया के साथ आयात-निर्यात में रुकावट नहीं आएगी। इसलिए भाजपा सरकार ने देश में बड़े-बड़े जहाज निर्माण के लिए 70 हजार करोड़ रुपये का पैकेज स्वीकृत किया है।

यह भी पढे़ं-

पीएम मोदी ने दी बड़ी सौगात, पूरे भारत में एक साथ लॉन्च हुई BSNL 4G सर्विस

'बीजेपी सरकार में दोगुनी बचत और दोगुनी कमाई का दौर आ गया है', ओडिशा में बोले पीएम मोदी

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत