1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. संसद का बजट सत्र आज से होगा शुरू, संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू; 16 विधेयक पाइपलाइन में

संसद का बजट सत्र आज से होगा शुरू, संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति मुर्मू; 16 विधेयक पाइपलाइन में

 Published : Jan 31, 2025 07:38 am IST,  Updated : Jan 31, 2025 10:23 am IST

संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी, इसके बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। 1 फरवरी को वित्त मंत्री मोदी 3.0 सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश करेंगी।

Parliament Budget Session, Parliament Budget Session 2025- India TV Hindi
संसद के बजट सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाने हैं। Image Source : PTI FILE

नई दिल्ली: संसद का बजट सत्र आज से शुरू हो रहा है। सबसे पहले आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें होंगी जिसमें वित्त मंत्री आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेंगी। 1 फरवरी यानी कि शनिवार को वित्त मंत्री मोदी 3.0 सरकार का पहला पूर्ण बजट पेश करेंगी। संसद का ये बजट सत्र 4 अप्रैल तक चलेगा। इस बजट सत्र में सरकार कई अहम बिल पेश कर सकती है जिनमें वक्फ संशोधन बिल भी शामिल है।

बजट सत्र से पहले बुलाई गई थी सर्वदलीय बैठक

बता दें कि बजट सत्र को लेकर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। बैठक में सभी दलों से संसद की कार्यवाही सुचारू ढंग से चलाने के लिए सहयोग की अपील की गई, लेकिन विपक्षी दलों ने इसमें अपने इरादे साफ कर दिए। समाजवादी पार्टी ने महाकुंभ में हुए हादसे के मुद्दे पर सदन में चर्चा की मांग की और इस घटना पर पारदर्शिता के साथ जांच कराने की भी मांग की गई। राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि विपक्षी गठबंधन संसद के बजट सत्र में सभी मुद्दों को उठाएगा।

सरकार पेश कर सकती है 16 महत्वपूर्ण विधेयक

बता दें कि आज से शुरू हो रहा संसद का बजट सत्र काफी अहम रहने वाला है। एक तरफ जहां वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट और अपना लगातार आठवां बजट पेश करेंगी, वहीं सरकार इस सत्र में वक्फ संशोधन बिल समेत 16 महत्वपूर्ण बिल भी पेश कर सकती है। ये 16 विधेयक हैं:

  1. वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2024
  2. मुसलमान वक्फ (रिपील) विधेयक, 2024
  3. बैंकिंग (संशोधन) विधेयक, 2024
  4. रेलवे (संशोधन) विधेयक, 2024
  5. आपदा प्रबंधन (संशोधन) विधेयक, 2024
  6. वित्त विधेयक, 2025
  7. विमान वस्तुओं में हितों का संरक्षण विधेयक, 2025
  8. "त्रिभुवन" सहकारी विश्वविद्यालय विधेयक, 2025
  9. आप्रवासन और विदेशी विधेयक, 2025
  10. बिल ऑफ लैडिंग विधेयक, 2024
  11. तेल क्षेत्र (विनियमन और विकास) संशोधन विधेयक, 2024
  12. बॉयलर बिल, 2024
  13. समुद्र द्वारा माल की ढुलाई विधेयक, 2024
  14. तटीय नौवहन विधेयक, 2024
  15. मर्चेंट शिपिंग बिल, 2024
  16. गोवा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में SC/ST के प्रतिनिधित्व का पुनर्समायोजन बिल, 2024

दो चरणों में होगा संसद का बजट सत्र

बता दें कि संसद के बजट सत्र की शुरुआत शुक्रवार को दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति के अभिभाषण से होगी और बजट एक फरवरी को पेश किया जाएगा। सत्र का पहला चरण 13 फरवरी को समाप्त होगा और दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होकर 4 अप्रैल तक चलेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत