1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. 'विकसित तमिलनाडु से बनेगा विकसित भारत', PM मोदी ने मदुरै में प्रदेशवासियों को दिए कई तोहफे

'विकसित तमिलनाडु से बनेगा विकसित भारत', PM मोदी ने मदुरै में प्रदेशवासियों को दिए कई तोहफे

 Published : Mar 01, 2026 08:00 pm IST,  Updated : Mar 01, 2026 08:00 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के मदुरै में 4400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं से कनेक्टिविटी बेहतर होगी, अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार पैदा होंगे। माना जा रहा है कि यह दौरा विधानसभा चुनावों में NDA को राजनीतिक लाभ पहुंचा सकता है।

Narendra Modi Madurai visit, Tamil Nadu development projects, Vande Bharat train Tamil Nadu- India TV Hindi
तमिलनाडु के मदुरै में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। Image Source : PTI

मदुरै: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को तमिलनाडु के मदुरै में 4400 करोड़ रुपये से ज्यादा के कई महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया, आधारशिला रखी और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं से राज्य में कनेक्टिविटी बेहतर होगी, अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी, नए रोजगार पैदा होंगे और लाखों लोगों का जीवन बदल जाएगा। तमिलनाडु में अगले कुछ महीनों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पीएम मोदी के तमिलनाडु दौरे को काफी अहम माना जा रहा है। पीएम मोदी ने इस दौरान लोगों को संबोधित भी किया।

'विकसित भारत के लिए विकसित तमिलनाडु है लक्ष्य'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'हमारा सामूहिक लक्ष्य एक विकसित भारत के लिए एक विकसित तमिलनाडु है। प्रत्येक भारतीय 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रेरित है। तमिलनाडु राष्ट्र के भविष्य को आकार देने में निर्णायक भूमिका निभाएगा। केंद्र सरकार समावेशी विकास और राज्य की प्रगति को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध रहेगी। आदिचनल्लूर जैसे ऐतिहासिक स्थलों को वैश्विक धरोहर स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा। पुलिकट झील और पोधिगई मलाई के आसपास की पर्यावरण पर्यटन पहल प्राकृतिक पारिस्थितिक तंत्रों के संरक्षण के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगी।'

'मीनाक्षी अम्मन और भगवान सुंदरेश्वर को नमन करता हूं'

मदुरै की महिमा बताते हुए उन्होंने कहा, 'पवित्र और ऐतिहासिक नगर मदुरै में आकर मैं स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मैं मीनाक्षी अम्मन और भगवान सुंदरेश्वर को नमन करता हूं। आज का यह आयोजन तमिलनाडु की विकास यात्रा में एक गौरवपूर्ण अध्याय का प्रतीक है। हमने 4400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की आधारशिला रखी है, उनका उद्घाटन किया है और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया है। ये परियोजनाएं कनेक्टिविटी में बदलाव लाएंगी, अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगी, रोजगार सृजित करेंगी और लाखों लोगों के जीवन को बदल देंगी।'

पीएम मोदी ने कई विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन

पीएम मोदी ने बताया कि तमिलनाडु को 9 'वंदे भारत' ट्रेन और 9 'अमृत भारत' ट्रेन का लाभ मिला है, जिनके डिब्बे चेन्नई के ICF में बने हैं। उन्होंने कहा, 'पिछले दशक की तुलना में तमिलनाडु के बुनियादी ढांचे के लिए वित्त पोषण तीन गुना बढ़ा है। 2026 के बजट में बेंगलुरु-चेन्नई और चेन्नई-हैदराबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का प्रस्ताव है, जिससे पूरे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।' इस दौरान प्रधानमंत्री ने मुख्य राष्ट्रीय राजमार्गों के मरकन्नम-पुदुचेरी खंड तथा परमाकुड़ी-रमणाथपुरम खंड को 4 लेन बनाने की आधारशिला भी रखी। उन्होंने तमिलनाडु में 8 रिनोवेटेड रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करने के अलावा कई और प्रोजेक्ट्स को जनता को सौंपा।

तमिलनाडु चुनावों में NDA को हो सकता है फायदा

प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से ठीक पहले हुई है, जहां बीजेपी और AIADMK की अगुवाई में NDA मजबूत प्रदर्शन की कोशिश में है। सियासी एक्सपर्ट्स का मानना है कि चुनावों से पहले पीएम मोदी का यह दौरा और विकास को लेकर उनका संदेश NDA को काफी फायदा पहुंचा सकता है। वहीं, मदुरै जैसे धार्मिक महत्व के शहर में मंदिर दर्शन और स्थानीय मुद्दों पर फोकस से भावनात्मक जुड़ाव बढ़ेगा। एनडीए नेताओं का मानना है कि यह दौरा गठबंधन को ऊर्जा देगा, ग्रामीण-शहरी वोटरों में केंद्र के कामों का प्रचार करेगा और डीएमके सरकार के खिलाफ असंतोष को भुनाने में मदद करेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत