1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. क्या राहुल गांधी स्वीकार करेंगे विपक्ष के नेता का पद? कांग्रेस की CWC बैठक में इसी बात पर चर्चा

क्या राहुल गांधी स्वीकार करेंगे विपक्ष के नेता का पद? कांग्रेस की CWC बैठक में इसी बात पर चर्चा

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 08, 2024 07:26 am IST,  Updated : Jun 08, 2024 12:24 pm IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस बार केरल की वायनाड और यूपी की रायबरेली दो लोकसभा सीटों से चुनाव जीते हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने देशभर में अच्छा प्रदर्शन किया है। इसलिए संसद में वह विपक्ष के नेता बनाए जा सकते हैं।

CWC की बैठक में सोनिया गांधी, खरगे और राहुल गांधी- India TV Hindi
CWC की बैठक में सोनिया गांधी, खरगे और राहुल गांधी Image Source : IMAGE SOURCE: INDIA TV

केंद्र में तीसरी बार सरकार बनाने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। इधर, कांग्रेस खेमे में भी हलचल शुरू हो गई है। कांग्रेस पार्टी इस बार मजबूत विपक्ष के रूप में अपनी भूमिका निभाने वाली है। दिल्ली के अशोका होटल में CWC की बैठक चल रही है। इस बैठक में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अशोका होटल पहुंचे हुए हैं. साथ ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा भी CWC की मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए पहुंच गए हैं। 

राहुल गांधी को मिल सकती है बड़ी भूमिका

पार्टी की इस बड़ी बैठक में सोनिया गांधी को कांग्रेस संसदीय दल (CPP) का फिर से अध्यक्ष चुना जा सकता है। साथ ही इस बैठक में पार्टी नेता राहुल गांधी को प्रमुख भूमिका सौंपने की मांग उठ सकती है। राहुल गांधी को विपक्ष का नेता बनाया जा सकता है। राहुल गांधी ने इस बार केरल की वायनाड और रायबरेली दोनों ही सीटों से लोकसभा का चुनाव जीता है।

राहुल गांधी संभाले विपक्षी नेता का पद

कांग्रेस नेता और तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा कि हमें अभी तक सीडब्ल्यूसी की बैठक के एजेंडे के बारे में पता नहीं है। हमारी मांग 140 करोड़ भारतीयों की मांग के समान है। राहुल गांधी को विपक्ष के नेता के रूप में पद संभालना चाहिए। राहुल गांधी महिलाओं और बेरोजगारों के लिए लड़ते रहे हैं।

विपक्षी पार्टियों में कांग्रेस ने जीतीं सबसे ज्यादा सीटें

लोकसभा में राहुल गांधी को विपक्ष का नेता बनाया जाए। इसके लिए आज शाम कांग्रेस की होने वाली मीटिंग में केसी वेणुगोपाल, मणिकम टैगोर और गौरव गोगोई सहित पार्टी सांसदों द्वारा हाथ उठाकर यह मांग उठाए जाने की उम्मीद है। लोकसभा में कांग्रेस का नेता ही सदन में विपक्ष का नेता होगा, क्योंकि पार्टी ने लोकसभा चुनावों में विपक्षी पार्टियों में सबसे ज्यादा सीटें जीती हैं।

बाद में की जा सकती है घोषणा 

पार्टी सूत्रों ने कहा कि यह सोनिया गांधी पर निर्भर करेगा कि वह लोकसभा में पार्टी के नेता के रूप में राहुल गांधी के नाम का फैसला करती हैं या किसी अन्य नेता का चयन करती हैं। इस मुद्दे पर अभी कोई निर्णय होने की उम्मीद कम है। कांग्रेस की सीनियर नेता सोनिया गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बाद में प्रेस रिलीज के माध्यम से इस पर अपनी राय रख देंगे। सोनिया गांधी अभी राज्यसभा की सदस्य हैं। कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे राज्यसभा में विपक्ष के नेता हैं। 

कांग्रेस ने किया बेहतर प्रदर्शन

कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक आज सुबह होगी, जिसमें लोकसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन की सराहना की जाएगी। पार्टी के अच्छे प्रदर्शन का श्रेय राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को दिया जा सकता है। पार्टी ने पिछले दो लोकसभा चुनाव 2014 और 2019 में 44 और 52 सीटों की तुलना में इस बार 99 लोकसभा सीटें जीती हैं।

(इनपुट- मोहम्मद शोएब)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत