1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव कहां से लड़ेंगे? कांग्रेस नेता ने किया ये दावा

राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव कहां से लड़ेंगे? कांग्रेस नेता ने किया ये दावा

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Dec 14, 2022 07:14 pm IST,  Updated : Dec 14, 2022 07:14 pm IST

राहुल गांधी 2019 के चुनावों में बीजेपी की स्मृति ईरानी से हार गए थे। उससे पहले उन्होंने लगातार तीन बार अमेठी संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व किया था। उनसे पहले संजय गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी भी अमेठी से जीते थे।

Rahul Gandhi- India TV Hindi
राहुल गांधी Image Source : PTI

अमेठी (उप्र): कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की देशभर में चर्चा है। यह  यात्रा इन दिनों राजस्थान में हैं। वहीं, साल 2019 का लोकसभा चुनाव हारने के बाद साल 2024 में राहुल गांधी यहां से चुनाव लड़ेंगे या नहीं, यह सवाल काफी समय से लोगों के मन में हैं। वे लगातार अमेठी से चुनाव लड़ते रहे हैं। हालांकि पिछले चुनाव में वे केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से चुनाव हार गए थे। क्या इस बार वे अमेठी से फिर चुनाव लड़ेंगे, इसे लेकर कांग्रेस नेता अजय राय ने यह साफ किया है कि राहुल गांधी साल 2024 में अमेठी से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। अजय राय ने बुधवार को दावा किया कि राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव अमेठी से लड़ेंगे, क्योंकि अमेठी से नेहरू-गांधी परिवार का पुराना पारिवारिक रिश्ता है।

'राहुल गांधी को फिर से प्रचंड बहुमत से सांसद चुनकर दिल्ली भेजें'

उन्होंने यहां पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "गांधी-नेहरू परिवार के अमेठी से पुराने पारिवारिक संबंध हैं, इसे कोई कमजोर नहीं कर सकता। राहुल गांधी अमेठी से 2024 में चुनाव लड़ेंगे।" उत्तर प्रदेश में पार्टी के प्रांतीय प्रमुख राय ने कहा कि अमेठी की जनता से उनकी अपील है कि वे राहुल गांधी को फिर से प्रचंड बहुमत से सांसद चुनकर दिल्ली भेजें। अमेठी से पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के फिर अगला संसदीय चुनाव लड़ने पर कांग्रेस पार्टी की ओर से अब तक कोई बयान नहीं आया है।

3 बार अमेठी से चुने जा चुके हैं राहुल
राहुल गांधी 2019 के चुनावों में बीजेपी की स्मृति ईरानी से हार गए थे। उससे पहले उन्होंने लगातार तीन बार अमेठी संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व किया था। उनसे पहले संजय गांधी, राजीव गांधी और सोनिया गांधी भी अमेठी से जीते थे। राय ने 2014 के साथ-साथ 2019 में भी वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ा था। राहुल गांधी की पिछले 97 दिनों से चल रही 'भारत जोड़ो यात्रा' के बारे में राय ने कहा कि यह अभी राजस्थान से होकर गुजर रही है जिसके बाद यह अगले साल तीन या चार जनवरी को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। उससे पहले कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के द्वारा जगह-जगह पर प्रादेशिक भारत जोड़ो यात्रा निकाली जा रही है।

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष के अलावा छह प्रांतीय प्रमुख भी नियुक्त कर रखे हैं। राय ने बताया कि पिछले 11 दिसंबर से भारत जोड़ो प्रादेशिक यात्रा उनके नेतृत्व में प्रयागराज से प्रारंभ की गई जो कौशांबी प्रतापगढ़ होते हुए आज 14 दिसंबर को अमेठी पहुंची है। उनका कहना था कि अमेठी जिले में यह यात्रा 25 किलोमीटर लंबी होगी, जिसमें जगह-जगह पर इस यात्रा का स्वागत किया जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।