1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी ने पीएम मोदी को पत्र लिखा, कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग

राहुल गांधी ने पीएम मोदी को पत्र लिखा, कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Mar 15, 2026 03:45 pm IST,  Updated : Mar 15, 2026 03:45 pm IST

राहुल गांधी ने बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम के लिए भारत रत्न की मांग की है। उन्होंने इससे पहले कहा था कि अगर नेहरू जीवित रहते तो कांशीराम कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री होते।

Rahul gandhi- India TV Hindi
राहुल गांधी Image Source : PTI

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग की है। उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखकर अपनी मांग सामने रखी है। राहुल गांधी कई दिनों से कांशीराम के समर्थन में बयानबाजी कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने कहा था कि अगर नेहरू जीवित होते तो कांग्रेस की तरफ से कांशीराम को मुख्यमंत्री बनाया जाता। हालांकि, यूपी सरकार के मंत्री ने कहा कि कांशीराम ने कांग्रेस के विरोध में ही बहुजन समाज पार्टी बनाई थी।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया था कि अगर भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू जीवित रहे होते तो कांशीराम कांग्रेस की तरफ से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री होते। उन्‍होंने हालांकि यह भी कहा कि कांग्रेस ने अपना काम ठीक से किया होता तो कांशीराम कभी सफल नहीं होते। नेहरू का निधन 1964 में हुआ था। वहीं कांशी राम 1978 में पिछड़े वर्गों के हितों की वकालत करने वाले संगठन बामसेफ की स्थापना के साथ राजनीतिक परिदृश्य में उभरे। इसके बाद उन्होंने 1984 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का गठन किया। 

कांग्रेस अपना काम ठीक से करती तो कांशीराम सफल नहीं होते

राहुल गांधी ने कांशीराम की जयंती (15 मार्च) से दो दिन पूर्व इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित संविधान सम्मेलन में डॉक्टर भीमराव आंबेडकर और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संस्थापक कांशीराम की सराहना की। राहुल ने कहा, "कांशीराम जी समाज में बराबरी की बात करते थे। कांग्रेस अपना काम पूरी तरह से नहीं कर सकी। यही कारण है कि कांशीराम जी सफल हुए। अगर कांग्रेस ठीक तरह से काम करती तो कांशीराम जी कभी सफल न होते।" उन्होंने कहा, "अगर जवाहर लाल नेहरू जी जिंदा रहे होते तो कांशीराम जी कांग्रेस के मुख्यमंत्री होते।" 

बीजेपी पर 85 फीसदी आबादी को अनदेखा करने का आरोप

राहुल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 85 प्रतिशत आबादी की अनदेखी की है। राहुल ने कहा, "संविधान कहता है कि यह देश सबका है और सभी लोग समान हैं, लेकिन आज समाज को 15 और 85 प्रतिशत में बांट दिया गया है और फायदा केवल 15 प्रतिशत लोगों को मिल रहा है।" उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी, भीमराव आंबेडकर और कांशीराम तथा सावरकर के बीच एक बड़ा अंतर है। उन्होंने ने इसकी व्याख्या करते हुए कहा, "गांधी (महात्मा गांधी) जी 10-15 साल जेल में रहे, लेकिन उन्होंने समझौता नहीं किया। बाबासाहेब आंबेडकर ने अपना जीवन समर्पित कर दिया, लेकिन समझौता नहीं किया। कांशीराम ने जीवन में कभी समझौता नहीं किया क्योंकि वह ऐसा कर ही नहीं सकते थे।" यह कार्यक्रम कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अनुसूचित जाति (एससी) विभागों तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सहयोग से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित किया गया। पार्टी ने मंच से प्रस्ताव पारित कर कांशीराम को मरणोपरांत भारत रत्न देने की मांग की। कांग्रेस का यह कदम 2027 चुनाव में दलितों को आकर्षित करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें-

नशे में धुत मिले सांसद, कई नामचीन हस्तियों संग फार्म हाउस में कर रहे थे पार्टी, पुलिस पर फायरिंग

चेन्नई में तेज धमाके के साथ फटा सिलेंडर, दो बच्चों की मौत, 7 घायल; तीन मकान गिरे

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत