1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. स्मृति ईरानी ने खाली किया सरकारी बंगला, केंद्र सरकार में रहे इन पूर्व मंत्रियों को भी भेजा गया नोटिस

स्मृति ईरानी ने खाली किया सरकारी बंगला, केंद्र सरकार में रहे इन पूर्व मंत्रियों को भी भेजा गया नोटिस

 Edited By: Avinash Rai
 Published : Jul 12, 2024 06:27 am IST,  Updated : Jul 12, 2024 06:27 am IST

केंद्र सरकार में पूर्व मंत्री रह चुकी स्मृति ईरानी ने दिल्ली स्थिति अपने सरकारी आवास को खाली कर दिया है। बता दें कि लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी से मिली हार के बाद उन्हें यह नोटिस भेजा गया था। हालांकि अन्य पूर्व 14 मंत्रियों को भी बंगला खाली करने का नोटिस मिला है।

Smriti Irani vacated the government bungalow notice was also sent to these former ministers of the c- India TV Hindi
स्मृति ईरानी ने खाली किया सरकारी बंगला Image Source : PTI

स्मृति ईरानी सहित चार पूर्व केंद्रीय मंत्रियों ने लुटियंस दिल्ली स्थित अपने सरकारी बंगले खाली कर दिए हैं। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए मंत्रियों को बंगले आवंटित करने के संबंध में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल को 3, कृष्ण मेनन मार्ग स्थित बंगला आवंटित किए जाने की संभावना है। यह बंगला पहले पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के पास था। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय के अंतर्गत संपदा निदेशालय केंद्रीय मंत्रियों को सरकारी बंगले आवंटित करता है। 

स्मृति ईरानी ने खाली किया बंगला

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने दिल्ली के लुटियंस क्षेत्र में 28, तुगलक क्रीसेंट स्थित अपना सरकारी आवास खाली कर दिया है। ईरानी ने इस सप्ताह के शुरू में यह बंगला खाली किया। हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में वह अमेठी संसदीय सीट पर कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा से डेढ़ लाख से अधिक मतों के अंतर से हार गयी थीं। उन्होंने 2019 के संसदीय चुनाव में इस सीट से जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी को हराया था तब उनकी काफी चर्चा हुई थी। वह केंद्र की पिछली सरकार में महिला एवं बाल विकास मंत्री थीं। एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ उन्होंने (ईरानी ने) इस सप्ताह के शुरू में अपना सरकारी आवास खाली कर दिया।’’ 

इन मंत्रियों को मिला बंगला खाली करने का नोटिस

उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्रियों एवं सांसदों को नयी सरकार के गठन के एक महीने के अंदर सरकारी आवास खाली कर देना होता है। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में मोदी मंत्रिमंडल के 17 केंद्रीय मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा था। इसमें अब तक आरके सिंह, अर्जुन मुंडा, महेंद्रनाथ पांडेय, स्मृति ईरानी, संजीव बालियान, राजीव चंद्रशेखर, कैलाश चौधरी, अजय मिश्रा टेनी, वी मुरलीधरन, निशित प्रामाणिक, सुभाष सरकार, साध्वी निरंजन ज्योति, रावसाहेब दानवे, कौशल किशोर, भानुप्रताप वर्मा, कपिल पाटिल, भगवंत खुबा, भारती पवार को बंगला खाली करने का नोटिस मिल चुका है। 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत