तमिलनाडु में सत्तारूढ़ डीएमके ने शनिवार को 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए 164 सीट पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए। पार्टी ने मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और उनके बेटे एवं उपमुख्यमंत्री उदयनिधि को उनकी मौजूदा सीटों से फिर से उम्मीदवार बनाया है। ज्यादातर मंत्रियों, विधायकों और सीनियर नेताओं को टिकट दिया गया है।
कोलाथुर से चुनाव लड़ेंगे सीएम स्टालिन
टिकट का ऐलान करते हुए डीएमके अध्यक्ष स्टालिन ने कहा कि वह कोलाथुर से एक बार फिर चुनाव लड़ेंगे। उदयनिधि भी इसी शहर के चेपॉक-ट्रिप्लिकेन से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। मंत्री दुरई मुरुगन (द्रमुक महासचिव), के एन नेहरू अनबिल महेश पोय्यामोझी, थंगम थेनारासु, मा सुब्रमण्यम और ईवी वेलु की उम्मीदवारी बरकरार रखी गई है।
पन्नीरसेल्वम को बोदिनायक्कनूर सीट से बनाया गया उम्मीदवार
अन्नाद्रमुक (AIADMK) से निष्कासित नेता ओ पन्नीरसेल्वम हाल में डीएमके में शामिल हुए थे और उन्हें उस बोदिनायक्कनूर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जिसका उन्होंने निवर्तमान विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया था। डीएमके में शामिल होने के बाद उन्होंने विधायक के रूप में इस्तीफा दे दिया था। पन्नीरसेल्वम के दो सहयोगियों पॉल मनोज पांडियन और आर वैथिलिंगम को भी टिकट दिए गए हैं। पूर्व मंत्री वी सेंथिल बालाजी को कोयंबटूर दक्षिण से उम्मीदवार बनाया गया है।
सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी
इससे पहले दिन में डीएमके ने विधानसभा चुनावों के लिए अपने सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे की प्रक्रिया पूरी कर ली जिसमें कांग्रेस, वामपंथी दलों, वीसीके और डीएमडीके समेत अन्य दलों द्वारा चुनाव लड़े जाने वाले निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान की गई।
जानिए किसे मिलीं कितनी सीटें?
प्रेमलता विजयकांत के नेतृत्व वाली डीएमडीके को पहले ही 10 सीट आवंटित की गई हैं और उनमें विरुधाचलम और पल्लावरम शामिल हैं। थोल थिरुमावलवन के नेतृत्व वाली वीसीके को 8 सीट मिली हैं, जिनमें कट्टुमन्नारकोइल, पनरुत्ती और तिंडीवनम शामिल हैं।
माकपा को पद्मनाभपुरम और पलानी सीट आवंटित की गई हैं, जबकि भाकपा थल्ली और भवानीसागर (आरक्षित) समेत अन्य सीटों से चुनाव लड़ेगी। दोनों वामपंथी दलों को 5-5 सीट दी गई हैं। डीएमके ने अन्य सहयोगी दलों के लिए भी सीट निर्धारित की हैं, जिनमें वाइको के नेतृत्व वाली MDMK भी शामिल है, जो चार सीट पर चुनाव लड़ेगी। डीएमके 164 सीट पर चुनाव लड़ेगी।