1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. यूपी: पीने के पानी को लेकर युवक ने अधिकारी को पीटा, गिरफ्तार

यूपी: पीने के पानी को लेकर युवक ने अधिकारी को पीटा, गिरफ्तार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 17, 2019 06:50 am IST,  Updated : Jun 17, 2019 06:50 am IST

बताया जाता है कि अधिकारी से पेयजल संकट को लेकर हुए तकरार के बाद युवक ने कथित रूप से उनकी पिटाई कर गांव से भगा दिया था।

Representational Image | Pixabay- India TV Hindi
Representational Image | Pixabay

बांदा: इस समय देश के कई हिस्से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। पीने के साफ पानी की देश के कई इलाको में गंभीर कमी है और इसके नतीजे में कई बार जनता का सरकार से टकराव भी देखने को मिलता है। ऐसी ही एक घटना में उत्तर प्रदेश के बांदा जिले की अतर्रा तहसील क्षेत्र के महुटा गांव में जल चौपाल लगाने गए एक नोडल अधिकारी से बहस के बाद मारपीट की गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने मारपीट करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जाता है कि अधिकारी से पेयजल संकट को लेकर हुए तकरार के बाद युवक ने कथित रूप से उनकी पिटाई कर गांव से भगा दिया था। उपजिलाधिकारी अतर्रा सौरभ शुक्ला ने बताया कि 'कुआं-तालाब जियाओ' अभियान के तहत शनिवार को विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता और गांव के नोडल अधिकारी डी.के. मित्तल कई अधिकाइयों के साथ महुटा गांव जल चौपाल और देवा तालाब की पूजा कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां राजेश अवस्थी नामक युवक गांव में छाए पेयजल संकट को लेकर उनसे तकरार करने लगा।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाद में राजेश ने नोडल अधिकारी के साथ मारपीट कर उन्हें गांव से भगा दिया था। इस संबंध में अवर अभियंता मित्तल की तहरीर पर अतर्रा थाने में आईपीसी की गंभीर धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज हुआ है। अतर्रा थानाध्यक्ष बलजीत सिंह ने रविवार को बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर कोर्ट के सामने पेश किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस हिरासत में युवक ने बताया कि गांव में भीषण पेयजल संकट है, इसी को लेकर अवर अभियंता से बात हुई थी और अभियंता व उनके साथी अधिकारी उलझ गए थे।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत