1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. लखनऊ में ठंड हुई प्रचंड, टूटा 10 साल का रिकॉर्ड! आगरा, अयोध्या सहित इन शहरों का जानें हाल

लखनऊ में ठंड हुई प्रचंड, टूटा 10 साल का रिकॉर्ड! आगरा, अयोध्या सहित इन शहरों का जानें हाल

 Written By: Shashi Rai @km_shashi
 Published : Dec 28, 2022 01:29 pm IST,  Updated : Dec 28, 2022 01:29 pm IST

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुई बूंदाबांदी से पारा लुढ़का है। वहीं चिल विंड फैक्टर की वजह से भी तापमान में गिरावट आई है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
सांकेतिक तस्वीर Image Source : PTI

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बीते 10 सालों का रिकॉर्ड टूट गया है। ठंड की वजह से लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं। ठिठुरन और गलन बढ़ गई है। मंगलवार को लखनऊ में ठंड ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो दिसंबर में 10 सालों में सबसे कम रहा, जबकि अधिकतम तापमान 17.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को सुबह राजधानी में घना कोहरा भी देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे तक ऐसा ही मौसम रहने वाला है। 

बूंदाबांदी की वजह से लुढ़का पारा

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हुई बूंदाबांदी से पारा लुढ़का है। वहीं चिल विंड फैक्टर की वजह से भी तापमान में गिरावट आई है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों और रेगिस्तानी इलाकों से आ रही हवाओं ने भी ठंड बढ़ा दी है। 

अयोध्या में ऐसा है मौसम

अयोध्या में भी ठंड काफी बढ़ गई है। सुबह-शाम चल रही शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ा दी है। सुबह-सुबह घर से बाहर निकलना काफी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

वाराणसी में काफी तेज चल रही हवाएं 

वाराणसी में भी 10 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। बर्फीली हवाओं की वजह से गलन बढ़ गई है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में ज्यादा ठंड पड़ रही है। 

आगरा में कड़ाके की ठंड, पर अलाव नहीं

ताजनगरी आगरा में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। लेकिन शहर में अलाव की व्यवस्था नहीं है। जरूरतमंद कूड़ा जलाकर ठंड से खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत