1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. भारी बारिश से मचा हड़कंप, 46 ट्रेनें हुई कैंसिल; फिर फटा बादल

भारी बारिश से मचा हड़कंप, 46 ट्रेनें हुई कैंसिल; फिर फटा बादल

 Edited By: Amar Deep
 Published : Aug 29, 2025 11:12 pm IST,  Updated : Aug 29, 2025 11:12 pm IST

जम्मू क्षेत्र में भारी बारिश की वजह से 46 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है। वहीं शुक्रवार को एक बार फिर बादल फटने की जानकारी सामने आई।

भारी बारिश से मचा हड़कंप।- India TV Hindi
भारी बारिश से मचा हड़कंप। Image Source : PTI/REPRESENTATIVE IMAGE

जम्मू: जम्मू-कश्मीर में बीते दिनों हुई बारिश से जनजीवन काफी प्रभावित हो गया है। इस बीच भारी बारिश को देखते हुए उत्तर रेलवे ने 30 अगस्त को जम्मू, कटरा और उधमपुर रेलवे स्टेशनों से आने-जाने वाली 46 ट्रेन को रद्द करने की घोषणा की। बता दें कि मंगलवार को जम्मू क्षेत्र में भारी बारिश और अचानक बाढ़ आ गई। इस घटना के बाद पिछले चार दिनों से रेल यातायात स्थगित है। एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू में कई स्थानों पर रेल लाइन के टूटने के कारण कठुआ और उधमपुर के बीच रेल यातायात स्थगित कर दिया गया है, तथा ट्रेनें रद्द की जा रही हैं। 

भारी बारिश से यातायात प्रभावित

इससे पहले, उत्तर रेलवे ने जम्मू, कटरा और उधमपुर रेलवे स्टेशनों से आने-जाने वाली 40 ट्रेनों को 29 अगस्त को रद्द करने की घोषणा की थी। गुरुवार को उत्तर रेलवे ने जम्मू स्टेशन से दो विशेष अनारक्षित ट्रेन चलाईं, जिनमें केंद्र शासित प्रदेश में भारी बारिश, बाढ़ के बाद फंसे लगभग 3,000 यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया। पिछले दो दिन से जम्मू क्षेत्र में भारी बारिश के कारण रेल और सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित होने से बड़ी संख्या में लोग, खासकर तीर्थयात्री, फंस गए। कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के यात्रा मार्ग में हुए भूस्खलन में 34 लोगों की मौत हो गई। जम्मू में 1910 के बाद से सबसे ज़्यादा बारिश दर्ज की गई जहां बुधवार सुबह तक 380 मिमी बारिश का रिकॉर्ड बना। 

गुरेज में फटा बादल

वहीं जम्मू के बांदीपुरा जिले के गुरेज सेक्टर में शुक्रवार को बादल फटने की घटना सामने आई। हालांकि, अधिकारियों ने बताया कि इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं देखने को मिली। उत्तर कश्मीर जिले के सीमावर्ती गुरेज सेक्टर के तुलैल इलाके में बादल फटने की घटना घटी। इसके कारण अचानक आई भारी बारिश से लोगों में दहशत पैदा हो गई। फिलहाल आज हुई इस घटना के बारे में अधिक जानकारी की प्रतिक्षा की जा रही है। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। (इनपुट- पीटीआई)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।