Amarnath Yatra Fraud: अमरनाथ यात्रा पर जम्मू-कश्मीर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जरूरी खबर है। दरअसल, गांदरबल जिले में पुलिस ने अमरनाथ यात्रा के नाम पर ठगी करने का प्रयास का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को पकड़ा है। यह आरोपी खुद को सरकारी कर्मचारी बताता था और दुकानदारों और सेवाएं देने वालों को अमरनाथ की पवित्र गुफा तक पहुंच कराने का झांसा देता था। गनीमत रही कि पुलिस की सावधानी से उसकी साजिश वक्त रहते ही उजागर हो गई।
खुद को सरकारी कर्मचारी बता कर रहा था ठगी
बता दें कि थाना सोनमर्ग को बीते 27 मई, 2026 को खबर मिली थी कि मोहम्मद अयूब जारा नामक एक शख्स डोमेल एरिया में घूम रहा है और खुद को अमरनाथ यात्रा के डोमेल मार्ग पर तैनात सरकारी कर्मचारी बता रहा है। साथ ही, वह लोगों को गुमराह भी कर रहा है। फिर, आरोपी की पहचान पुंछ के अंदरोला के निवासी मोहम्मद अयूब जारा के रूप में हुई है।
पवित्र गुफा तक पहुंच कराने का देता था झांसा
शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद अयूब जारा, यात्रा से जुड़े दुकानदारों और सेवाएं देने वालों को यह भरोसा दिलाता था कि वह उन्हें पवित्र अमरनाथ गुफा तक पहुंचा देगा। साथ ही, यात्रा से जुड़ी जरूरी अनुमति दिलाने में मदद भी करेगा। मोहम्मद अयूब जारा इसके बदले लोगों से पैसे की डिमांड करता था। इस प्रकार वह लोगों को धोखा देकर पैसे वसूलने की कोशिश कर रहा था।
मोहम्मद अयूब जारा के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
फिर, इसकी गंभीरता को देखते हुए सोनमर्ग पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अयूब जारा के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। पड़ताल के दौरान, पुलिस ने आरोपी मोहम्मद अयूब जारा की एक्टिविटीज पर नजर रखी और 3 जून, 2026 की शाम उसे अरेस्ट कर लिया।
पूछताछ में मोहम्मद अयूब जारा उगलेगा राज!
पुलिस अफसरों के अनुसार, आरोपी मोहम्मद अयूब जारा से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने अब तक कितने लोगों को झांसा देकर पैसे ठगे हैं। उसका संबंध किसी संगठित गिरोह से तो नहीं है। इस मामले की जांच अभी चल रही है।
अधिकृत सरकारी एजेंसियों और अफसरों से ही करें संपर्क
इस बीच, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं और इस यात्रा से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी शख्स के झांसे में ना आएं। सिर्फ अधिकृत सरकारी एजेंसियों और अफसरों से ही संपर्क करें।
(रिपोर्ट- मंजूर मीर)
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर को राज्य बनाने की मांग पर घमासान तेज! उमर अब्दुल्ला के विधायक करेंगे दिल्ली कूच, दर्ज कराएंगे अपना विरोध