श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में आज राज्यसभा की चार सीटों के लिए मतगणना हुआ और आज ही नतीजे भी सामने आए। यहां तीन सीटों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने जीत हासिल की है तो एक सीट बीजेपी के खाते में गई है। राज्यसभा चुनाव के नतीजों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बयान दिया है। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के तीन उम्मीदवारों को राज्यसभा चुनाव में जीत दर्ज करने पर बधाई दी, लेकिन कहा कि उनकी पार्टी चौथी सीट हार गई क्योंकि उसे ‘आखिरी समय में निराश’ किया गया।
अब्दुल्ला ने दी बधाई
उमर अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मेरे सहयोगियों चौधरी मोहम्मद रमजान, सज्जाद किचलू और शम्मी ओबेरॉय को राज्यसभा चुनाव में जीत पर हार्दिक बधाई। मैं उन्हें संसद में जम्मू-कश्मीर के लोगों का प्रतिनिधित्व करते हुए एक नई पारी शुरू करने के लिए शुभकामनाएं देता हूं।’’ मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, जो नेकां के उपाध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि पार्टी ने अपने उम्मीदवार इमरान नबी डार को चौथी सीट पर जिताने के लिए पूरी कोशिश की थी, लेकिन आखिरी समय में उन्हें निराश होना पड़ा।
क्रॉस वोटिंग पर दिया बयान
उमर ने कहा कि उनके किसी विधायक ने ‘क्रॉस वोटिंग’ नहीं की, इसलिए यह सवाल उठता है कि भाजपा को मिले चार अतिरिक्त वोट किसके हैं। मुख्यमंत्री जानना चाहते थे कि वे कौन विधायक थे जिन्होंने ‘मतदान के दौरान गलत वरीयता संख्या डालकर जानबूझकर अपने वोट अमान्य कर दिए’। उन्होंने कहा, ‘‘क्या उनमें इतनी हिम्मत है कि वे हमें वोट देने का वादा करने के बाद भाजपा की मदद करने की बात स्वीकार करें? किस दबाव या प्रलोभन ने उन्हें यह रास्ता अख्तियार करने में मदद की? देखते हैं कि भाजपा की गुप्त टीम का कोई सदस्य अपनी आत्मा बेचने की बात स्वीकार करता है या नहीं!’’
तीन सीटों पर एनसी की जीत
बता दें कि जम्मू-कश्मीर में चार राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव तीन अधिसूचनाओं में विभाजित थे। पहली अधिसूचना में इस सीट के लिए भाजपा के अली मोहम्मद मीर के साथ सीधे मुकाबले में रहे नेशनल कॉन्फ्रेंस के चौधरी मोहम्मद रमजान विजयी हुए। दूसरी सीट पर, नेशनल कॉन्फ्रेंस के सज्जाद किचलू ने भाजपा के राकेश महाजन को हराया। तीसरी अधिसूचना के लिए, दो सीटों के लिए मुकाबला था। नेशनल कॉन्फ्रेंस के उम्मीदवार और पार्टी कोषाध्यक्ष जी एस ओबेरॉय, जिन्हें शम्मी ओबेरॉय के नाम से भी जाना जाता है, ने तीसरी सीट जीती, जबकि सत्तारूढ़ पार्टी के युवा प्रदेश प्रवक्ता इमरान नबी डार चौथी सीट पर भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई के प्रमुख सत शर्मा से हार गए।
यह भी पढ़ें-
जम्मू-कश्मीर राज्यसभा चुनाव में NC-BJP के बीच था 'फिक्स मैच', सज्जाद लोन ने लगाए गंभीर आरोप
Jammu Kashmir Rajya Sabha Election Result: NC ने जीती 3 सीटें, जानिए भाजपा का कैसा रहा रिजल्ट