1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. दिल्ली में लूटपाट करके जम्मू-कश्मीर भाग गए थे लुटेरे, पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपियों को पकड़ा

दिल्ली में लूटपाट करके जम्मू-कश्मीर भाग गए थे लुटेरे, पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपियों को पकड़ा

 Published : May 08, 2026 08:42 am IST,  Updated : May 08, 2026 08:42 am IST

दिल्ली में लूट की कई वारदातों में शामिल 3 आरोपियों को दिल्ली और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कठुआ जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली से भागकर जम्मू-कश्मीर छिपे थे। पुलिस ने जाल बिछाकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

Delhi loot suspects, J&K police arrest, Kathua police operation, Delhi crime news, criminals caught - India TV Hindi
दिल्ली में लूट की वारदात को अंजाम देकर जम्मू-कश्मीर भाग गए थे आरोपी। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

जम्मू: दिल्ली में लूट की कई वारदातों में शामिल 3 आरोपियों को दिल्ली पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जॉइंट ऑपरेशन चलाकर जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई गुरुवार शाम बेहद सुनियोजित तरीके से की गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल, अंशुल और हिमांशु के रूप में की है। अधिकारियों के मुताबिक, तीनों के खिलाफ दिल्ली के नॉर्थ द्वारका थाने में FIR दर्ज है और ये राष्ट्रीय राजधानी में हुई कई लूट की घटनाओं में कथित तौर पर शामिल थे।

वारदात के बाद दिल्ली छोड़कर भागे थे आरोपी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध करने के बाद तीनों आरोपी दिल्ली से फरार हो गए थे और जम्मू-कश्मीर में छिपे हुए थे। दिल्ली पुलिस पिछले कई दिनों से उनकी तलाश कर रही थी। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने के बाद सोपोर की तरफ गए थे और बाद में वापस कठुआ की ओर लौट रहे थे।

हाईवे और टोल प्लाजा पर बढ़ाई गई निगरानी

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद विभिन्न टोल प्लाजा और महत्वपूर्ण स्थानों पर स्पेशल नाका चेकिंग शुरू की गई। साथ ही वाहनों की जानकारी लखनपुर और कठुआ पुलिस इकाइयों के साथ साझा की गई। अधिकारी के मुताबिक, आरोपी बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे जम्मू-कश्मीर हाईवे के नासरी इलाके को पार कर चुके थे, लेकिन बाद में पुलिस की मौजूदगी से बचने में कामयाब हो गए। माना जा रहा है कि उन्हें लखनपुर में भारी पुलिस तैनाती की जानकारी मिल गई थी।

पुलिस ने आखिरकार जाल बिछाकर पकड़ा

आरोपियों को पकड़ने के लिए कठुआ पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने गुरुवार को नई रणनीति बनाई। पुलिस ने जानबूझकर लखनपुर नाके और टोल प्लाजा पर अपनी दिखाई देने वाली तैनाती कम कर दी, ताकि आरोपियों को लगे कि पुलिस का ध्यान किसी दूसरी दिशा में चला गया है। उस समय इलाके में एक हत्या के मामले की जांच भी चल रही थी। पुलिस की इस रणनीति से आरोपी यह समझ बैठे कि रास्ता अब साफ है और वे गुरुवार शाम कठुआ की तरफ बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस टीमों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए उन्हें घेर लिया।

भागने की कोशिश में पुलिस की गाड़ी से टकराए

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने की कोशिश की और अपनी गाड़ी से दिल्ली पुलिस की एक गाड़ी को टक्कर भी मार दी। हालांकि पुलिस ने पहले से ही भगथली मार्ग समेत अन्य संभावित रास्तों को बंद कर रखा था, जिसके चलते तीनों को पकड़ लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों और उनकी गाड़ी की दिल्ली पुलिस तथा स्थानीय पुलिस ने मिलकर तलाशी ली, लेकिन उनके पास से कोई हथियार या संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ।

आगे की जांच अब दिल्ली पुलिस करेगी

अधिकारियों के मुताबिक, लूट के मामलों के अलावा पुलिस की गाड़ी को नुकसान पहुंचाने और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश से जुड़े मामलों की आगे की जांच दिल्ली पुलिस करेगी। पुलिस ने इस कार्रवाई को दिल्ली पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के बीच बेहतर तालमेल और सूझबूझ का बड़ा उदाहरण बताया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।