दिल्ली के शालीमार बाग इलाके से एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने घरेलू सहायिका बनकर घरों में चोरी करने वाली एक शातिर महिला को गिरफ्तार किया है। महिला पर एक घर से 1.2-2 करोड़ रुपये की चोरी का आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक, महिला केवल 3 दिन पहले ही पीड़ित परिवार के घर पर काम करने के लिए आई थी। महिला के पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल होने की बात सामने आ रही है।
आरोपी महिला की हुई पहचान
सामने आई जानकारी के अनुसार, दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में घरेलू सहायिका बनकर घरों में चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार की गई महिला की पहचान पहचान सोना उर्फ के. सोनिया (45) के रूप में हुई है, जो रोहिणी की रहने वाली है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रह चुकी है।
पीड़ित परिवार ने क्या बताया?
पीड़ित परिवार से बातचीत में खुलासा हुआ है कि उन्होंने महिला को तीन दिन पहले ही काम पर रखा था। 17 अप्रैल को और 19 अप्रैल को वह घर की अलमारी तोड़ कर 1.2-2 करोड़ का नगद निकाल कर ले गई। बुजुर्ग दंपत्ति पूजा कर रहे थे और पूजा की घंटी के बीच उसने अलमारी का ताला तोड़ कर ज्वेलरी निकाल ली। विजय राम गुप्ता और उनकी पत्नी ही उस वक्त घर पर मौजूद थे। उनकी पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है।
अब तक जांच में क्या पता लगा?
सामने आई जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला ने आज से 6 महीने पहले भी इसी ब्लॉक के दूसरे घर में काम शुरू किया था। उसने वहां भी दो दिन तक काम किया था और तीसरे दिन काम छोड़ दिया था। दिल्ली पुलिस की छापेमारी के दौरान ये पाया गया कि आरोपी महिला ने अपने घर को डॉग फ़ोर्टेस बना रखा था। उसके पास पिटबुल, अमेरिकन बुली जैसे कई कुत्ते पाल के रखे गए हैं। आक्रामक कुत्तों के झुंड पर काबू पाने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में 9 कोचिंग संस्थानों के डायरेक्टर गिरफ्तार, ACB ने भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में कसा शिकंजा