IMD Rain Alert: जम्मू-कश्मीर में पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई है। मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक कश्मीर संभाग में वर्षा का सबसे अधिक प्रभाव उत्तरी जिलों में देखने को मिला। उत्तर कश्मीर का बारामूला जिला 73.0 mm बारिश के साथ घाटी में सबसे ऊपर रहा, जबकि हंदवाड़ा के नौगाम में 58.2 mm और कुपवाड़ा में 40.8 mm वर्षा दर्ज की गई।
राजधानी श्रीनगर में भी 31.6 mm बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव जैसी स्थिति पैदा हो गई है। दक्षिण कश्मीर की बात करें तो काजीगुंड में 48.6 mm और कुलगाम में 42.2 mm बारिश ने तापमान में भारी गिरावट ला दी है। हालांकि, पुलवामा (5.3 mm) और शोपियां (7.2 mm) जैसे इलाकों से मिले आंकड़ों को फिलहाल संदिग्ध माना जा रहा है।
पुंछ में 68.5 mm बारिश दर्ज
जम्मू संभाग में भी बारिश का व्यापक असर देखा गया है, जहां पुंछ जिला 68.5 mm बारिश के साथ संभाग में सबसे अधिक प्रभावित रहा। पहाड़ी क्षेत्रों जैसे राजौरी में 36.2 mm, रामबन में 35.0 mm और उधमपुर में 33.4 mm बारिश दर्ज की गई है, जिससे भूस्खलन की आशंका बढ़ गई है।
जम्मू शहर और कटरा में अपेक्षाकृत कम बारिश (क्रमशः 12.0 mm और 12.8 mm) हुई है, जबकि कठुआ में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। बारिश के इस दौर ने जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के संवेदनशील हिस्सों में यातायात के लिए चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। दूसरी ओर, लद्दाख क्षेत्र में मौसम का मिजाज कश्मीर के बिल्कुल विपरीत रहा। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में वर्षा की मात्रा शून्य रही, जिससे वहां मौसम शुष्क बना हुआ है।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली: MCD के डिप्टी कमिश्नर 4 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार, CBI ने रंगे हाथों पकड़ा