इजरायल और ईरान पूर्ण युद्ध के मुंहाने पर खड़े हैं। शुक्रवार की सुबह इजरायल ने ईरान के भीतर घुसकर बड़ा हमला किया है। इजरायल ने ईरान के 4 न्यूक्लियर, 2 मिलिट्री ठिकाने तबाह कर दिए हैं। इस हमले में इजरायल ने ईरान के कई शीर्ष सैन्य कमांडरों और वैज्ञानिकों को भी मार गिराया है। इजरायल और ईरान के बीच इस तनाव पर जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बड़ा बयान जारी किया है। उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि ईरान पर इजरायल का हमला पूरी तरह से अनुचित है।
उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि ईरान ने ऐसा कोई कारण नहीं दिया था कि इजरायल ने उसपर हमला किया। उन्होंने कहा कि इजरायल ने इसे एहतियातन हमला बताया है और अपनी मर्जी से ईरान के खिलाफ युद्ध छेड़ा है। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि अगर वैश्विक शक्तियां इजरायल के इस आक्रामकता पर चुप रहती हैं तो ये काफी दुर्भाग्यपूर्ण होगा। ईरान-इजरायल तनाव को लेकर उमर अब्दुल्ला ने कहा कि विश्व शक्तियां रूस के खिलाफ आवाज उठाती हैं और आंदोलन करती हैं। लेकिन जब इजरायल, ईरान पर हमला करता है तो चाहे अमेरिका हो, यूरोप हो या कोई अन्य देश-चुप हो जाते हैं। उमर अब्दुल्ला ने कहा अगर रूस का यूक्रेन पर हमला गलत है तो इजरायल द्वारा ईरान पर किया गया हमला भी पूरी तरह से अनुचित है।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इजरायल और ईरान के बीच तनाव के कारण क्षेत्र में स्थिति और खराब हो जाएगी। इसके असर दुनिया पर भी तुरंत पड़ेगा। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि इस कारण हमारे ईंधन की कीमतों, हमारे शेयर बाजार और पश्चिम की ओर जाने वाली उड़ानों पर असर पड़ेगा। इसके अलावा लोगों की भावनाओं पर असर पड़ेगा।
दूसरी ओर पीडीपी अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने भी ईरान पर इजराइली हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा-"ईरान पर इजरायल का हमला एक ऐसे देश द्वारा किया गया एक और बेशर्मी भरा कदम है जो दुष्टता की ओर जाता हुआ दिखाई देता है। वैश्विक समुदाय, खासकर संयुक्त राज्य अमेरिका के नेतृत्व वाली पश्चिमी शक्तियों की चुप्पी चिंताजनक और भयावह दोनों है। यह चुप्पी मौन स्वीकृति के बराबर है।"महबूबा मुफ्ती ने ये भी कहा कि अमेरिका, भारत-पाकिस्तान तनाव के मामले में लगातार हस्तक्षेप का दावा करता है लेकिन इजरायल के मामले में दोहरा मापदंड अपनाता है। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- 'और खतरनाक हमला होगा...', डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को क्यों दे दी ऐसी धमकी?
इजरायल ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर किया हमला, Iran ने ड्रोन दागे, जॉर्डन में बजे सायरन
संपादक की पसंद