1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. माता वैष्णो देवी भवन मार्ग पर फिर से लैंडस्लाइड, लगातार नौवें दिन यात्रा स्थगित

माता वैष्णो देवी भवन मार्ग पर फिर से लैंडस्लाइड, लगातार नौवें दिन यात्रा स्थगित

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Sep 03, 2025 12:49 pm IST,  Updated : Sep 03, 2025 02:30 pm IST

जम्मू और कश्मीर के कटरा में माता वैष्णो देवी भवन मार्ग पर फिर से लैंडस्लाइड की घटना घटी है। इसके साथ ही वैष्णो देवी यात्रा को लगातार नौवें दिन स्थगित कर दिया गया है।

Mata Vaishno Devi Bhawan marg hit by Landslide- India TV Hindi
माता वैष्णो देवी भवन मार्ग पर लैंडस्लाइड। Image Source : REPORTER

जम्मू-कश्मीर में बीते कई दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। इस कारण बादल फटने, अचानक बाढ़, भूस्खलन जैसी आपदा सामने आ रही है। अब बुधवार को माता वैष्णो देवी भवन मार्ग पर एक बार फिर से भूस्खलन हुआ है। गनीमत रही कि कोई भी श्रद्धालु भवन मार्ग पर नहीं था जिसके चलते एक बड़ा हादसा होने से टल गया। लगातार हो रही बारिश के चलते भूस्खलन के मामले सामने आ रहे हैं। आपको बता दें कि मां वैष्णो देवी की यात्रा आज लगातार नौवे दिन स्थगित की गई है।

हाल ही में गई थी 34 लोगों की जान

बीते 26 अगस्त को माता वैष्णो देवी मार्ग पर अर्धकुंवारी के पास लैंडस्लाइड की घटना हुई थी। इस हादसे में  34 तीर्थयात्रियों की मृत्यु हो गई और 20 अन्य घायल हुए थे। आपको बता दें कि त्रिकुटा पर्वतों में स्थित वैष्णो देवी मंदिर भारत के सबसे लोकप्रिय तीर्थ स्थलों में से एक है। यहां हर साल करीब एक करोड़ से अधिक भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।

मूसलाधार बारिश का दौर जारी

जम्मू क्षेत्र में बुधवार को भी मूसलाधार बारिश देखने को मिली है। बारिश के कारण एक मकान ढह गया जिसमें महिला और उसकी बेटी की मौत हो गई। वहीं, एक बाढ़ग्रस्त गांव में 40 लोग फंस गए। भारी बारिश के कारण नदियों, नालों और छोटी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। ये खतरे के निशान के करीब या उससे ऊपर बह रही हैं। वहीं, उधमपुर और बनिहाल के बीच कई जगह भूस्खलन देखने को मिला है। इस कारण श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रमुख सड़कें दूसरे दिन भी बंद रहीं।

भारी बारिश का अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने  अगले 14 से 16 घंटे के दौरान जम्मू, कठुआ, रियासी, डोडा, उधमपुर, राजौरी और रामबन जिले में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। अगले 14 से 16 घंटों के दौरान किश्तवाड़, पुंछ, अनंतनाग, शोपियां और कुलगाम में भारी बारिश और इसके साथ ही पीर पंजाल रेंज और दक्षिण कश्मीर के कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश या कुछ समय के लिए तीव्र वर्षा का पूर्वानुमान जताया गया है। इस दौरान कुछ जगहों  पर बादल फटने, अचानक बाढ़, भूस्खलन और जलजमाव की संभावना है। (रिपोर्ट: राही कपूर)


ये भी पढ़ें- कब से शुरू होगी वैष्णो देवी की यात्रा? पिछले 8 दिनों से है बंद

रेलवे ने जम्मू में 30 सितंबर तक के लिए 68 ट्रेनें रद्द कीं, 24 ट्रेनों को फिर से किया जाएगा शुरू

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।