अनंतनाग: साउथ कश्मीर में अनंतनाग जिले के लोकल बाजार में सुबह के समय रोजमर्रा की हलचल थी। सब्जियों की दुकानों पर दुकानदार और ग्राहकों के बीच मोलभाव हो रहा था, कहीं चाय खौल रही थी, तो कहीं स्कूल जा रहे बच्चों की आवाजें सुनाई दे रही थी। लेकिन इसी आम दिखने वाली भीड़ में एक शख्स ऐसा था, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को बेचैन कर दिया। लश्कर-ए-तैयबा का एक्टिव आतंकी मोहम्मद लतीफ, अनंतनाग के इसी स्थानीय बाजार में देखा गया। सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की टीम एक्शन में आ गई। बिना वक्त गंवाए इलाके की घेराबंदी की योजना बनी और जॉइंट ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। इसका मकसद था- आतंकी को पकड़ना या उसका खात्मा।
लोकल मार्केट में आतंकी दिखने से हड़कंप
बता दें कि आतंकवादी मोहम्मद लतीफ, पिछले महीने नवंबर में लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हो गया था और तभी से वह साउथ कश्मीर में एक्टिव बताया जा रहा है। माना जाता है कि वो लोकल नेटवर्क के माध्यम से अपनी आवाजाही करता है, ताकि सुरक्षाबलों की पकड़ से बच सके। लोकल मार्केट में उसका दिखना इस बात की ओर इशारा करता है कि आतंकवादी अब भी आम इलाकों को ढाल बनाकर घूमने का प्रयास कर रहे हैं।
जंगलों की तरफ भाग गया आतंकी
सुरक्षाबलों ने ऑपरेशन के दौरान, मार्केट और आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। संभावित रास्तों पर नाकेबंदी की गई। लेकिन दबाव बढ़ता देख आतंकी जंगलों की तरफ भागने में सफल हो गया। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इसे सिर्फ एक अस्थायी बचाव मान रही हैं। जंगल में भागना आतंकी की मजबूरी थी, यह सुरक्षा कवच नहीं है। सर्च ऑपरेशन को अब आसपास के जंगल वाले इलाकों में फैलाया जा रहा है और मोहम्मद लतीफ के लिए खोजी अभियान तेज कर दिया गया है।
आतंकवाद के खिलाफ जंग है जारी
अनंतनाग के आतंकी का नजर आना फिर से याद दिलाता है कि कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ युद्ध अभी खत्म नहीं हुई है। लेकिन हर ऐसे तलाशी अभियान के साथ सुरक्षाबलों का मैसेज साफ है कि आतंकवादी चाहे मार्केट में छिपे या जंगलों में, उसका बच पाना आसान नहीं होगा।
ये भी पढ़ें-