1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी से जनजीवन पर भारी असर, लैंडस्लाइड से श्रीनगर-लेह समेत कई हाइवे और रोड बंद

जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी से जनजीवन पर भारी असर, लैंडस्लाइड से श्रीनगर-लेह समेत कई हाइवे और रोड बंद

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Oct 07, 2025 02:44 pm IST,  Updated : Oct 07, 2025 02:48 pm IST

जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी के कारण हुए भूस्खलनों के बाद मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर और श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ-साथ मुगल और सिंथन टॉप सड़कों पर यातायात रोक दिया गया।

अनंतनाग में बर्फबारी- India TV Hindi
अनंतनाग में बर्फबारी Image Source : PTI

जम्मू: जम्मू कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी के कारण हुए भूस्खलनों के बाद मंगलवार को जम्मू-श्रीनगर और श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्गों के साथ ही मुगल रोड और सिंथन टॉप सड़क पर यातायात स्थगित कर दिया गया। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि 270 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग मंगलवार सुबह उधमपुर और बनिहाल के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने के कारण वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। यह कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला एकमात्र बारहमासी राजमार्ग है। 

सड़कों पर जमी है बर्फ की मोटी परतें

अधिकारी ने बताया कि सड़क को यथाशीघ्र वाहनों की आवाजाही के योग्य बनाने के लिए सड़क साफ करने वाली एजेंसियों को काम पर लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि दोपहर तक जम्मू के नगरोटा में रुके वाहनों को आवाजाही की अनुमति दे दी जाएगी। एक प्रवक्ता ने बताया कि 434 किलोमीटर लंबा श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ ही मुगल रोड और सिंथन सड़क भी बर्फ जमा होने के कारण बंद हैं। 

किश्तवाड़ जिले में तीन से चार इंच बर्फबारी

ये सड़कें कश्मीर और देश के बाकी हिस्सों के बीच वैकल्पिक संपर्क प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को सलाह दी जाती है कि जब तक सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बहाल नहीं हो जातीं, तब तक यात्रा न करें। अधिकारियों ने बताया कि श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ज़ोजिला दर्रे में छह इंच बर्फबारी दर्ज की गई। जम्मू में सीमावर्ती जिलों पुंछ और राजौरी को दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले से जोड़ने वाली मुगल रोड पर स्थित पीर की गली और किश्तवाड़ जिले में सिंथन टॉप पर तीन से चार इंच बर्फबारी हुई। जम्मू क्षेत्र के डोडा, रामबन, किश्तवाड़, कठुआ, राजौरी और पुंछ जिलों के ऊपरी इलाकों से भी हिमपात की खबरें मिली हैं। 

अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने बुधवार से मौसम में सुधार का अनुमान जताया है और अगले एक पखवाड़े तक बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। खराब मौसम के कारण रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित वैष्णो देवी मंदिर और किश्तवाड़ जिले में मचैल माता मंदिर की तीर्थयात्रा मंगलवार को तीसरे दिन भी स्थगित रही। दोनों तीर्थयात्राएं बुधवार को बहाल होंगी। जम्मू संभाग में मंगलवार को दूसरे दिन भी सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहे।

इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।