1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. ऑपरेशन छत्रू: जम्मू क्षेत्र में 3 आतंकवादी ढेर, बर्फीली पहाड़ियों में सेना को मिली बड़ी सफलता

ऑपरेशन छत्रू: जम्मू क्षेत्र में 3 आतंकवादी ढेर, बर्फीली पहाड़ियों में सेना को मिली बड़ी सफलता

 Reported By: Manish Prasad, Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 11, 2025 12:22 pm IST,  Updated : Apr 11, 2025 11:45 pm IST

सेना के जवानों ने बर्फीली पहाड़ियों में मुश्किल ऑपरेशन को अंजाम देते हुए 3 आतंकियों को मार गिराया है। जम्मू कश्मीर से आतंकवाद को खत्म करने के लिए सेना लगातार ऑपरेशन चला रही है।

Jammu search Operation- India TV Hindi
जम्मू में जवानों का सर्च ऑपरेशन Image Source : INDIA TV

जम्मू कश्मीर के जम्मू में बर्फीली पहाड़ियों के बीच सेना ने ऑपरेशन छत्रू को अंजाम देते हुए एक आतंकी को मार गिराया है। बर्फीली पहाड़ियों ने के बीच सैनिकों ने मुश्किल हालातों में अहम ऑपरेशन को अंजाम दिया है। भारतीय सेना की तरफ से इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी दी गई। विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर सेना के जवानों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। इसी दिन शाम को आतंकियों के साथ सेना के जवानों का संपर्क हुआ। गोलीबारी के बाद सुबह एक आतंकी को मार गिराया गया। तो वहीं, शुक्रवार को रात होने तक कुल 3 आतंकियों को मार गिराया गया है।

खुफिया जानकारी के आधार पर कार्रवाई

भारतीय सेना के व्हाइट नाइट कॉर्प्स नाम के एक्स अकाउंट पर सर्च ऑपरेशन की तस्वीरें शेयर की गई थीं। इसमें बताया गया था- "ऑपरेशन छत्रू, विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ मिलकर 09 अप्रैल को छत्रू जंगल किश्तवाड़ में एक संयुक्त तलाशी और विनाश अभियान शुरू किया गया। उसी दिन देर शाम आतंकियों से संपर्क स्थापित किया गया। आतंकवादियों को प्रभावी ढंग से घेर लिया गया और गोलीबारी शुरू हो गई। अभी तक एक आतंकवादी को मार गिराया गया है। दुश्मन इलाके और प्रतिकूल मौसम के बावजूद, हमारे बहादुर सैनिकों द्वारा अथक अभियान जारी है।" वहीं, ताजा अपडेट में 3 आतंकी मारे जा चुके हैं।

उधमपुर, किश्तवाड़ में तलाश अभियान फिर से शुरू

जम्मू-कश्मीर के उधमपुर और किश्तवाड़ जिलों में रात भर की घेराबंदी के बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान जारी रखा। अधिकारियों ने बताया कि उधमपुर जिले की जोफर-मार्टा पट्टी और किश्तवाड़ जिले के छत्रू में बुधवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद रातभर घेराबंदी की गई। उधमपुर और किश्तवाड़ जिलों में क्रमश: जोफर-मार्टा के जंगलों और नैदगाम-चटरू क्षेत्र में तलाश अभियान फिर से शुरू कर दिया गया। आतंकवादियों को पकड़ने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। बुधवार को पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा संचालित तलाश अभियान के दौरान जोफर-मार्टा पट्टी में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि दो से तीन आतंकवादियों को घेर लिया गया।

आतंकियों के मारे जाने तक ऑपरेशन जारी रहेगा- DIG

बीते 9 अप्रैल को छत्रू के जंगलों में सुरक्षाबलों द्वारा संदिग्ध गतिविधि देखी गई थी। इसके बाद आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी हुई। अब तक 3 आतंकवादियों को मार गिराया जा चुका है। आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी पर रामबन, किश्तवाड़ और डोडा रेंज के डीआईजी श्रीधर पाटिल ने कहा है कि जब तक सभी आतंकवादियों को मार नहीं दिया जाता, तब तक ऑपरेशन जारी रहेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।