1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. आदिल हुसैन के पिता बोले- मेरे बेटे की हत्या का बदला है 'ऑपरेशन सिंदूर'; PM मोदी के लिए कही ये बात

आदिल हुसैन के पिता बोले- मेरे बेटे की हत्या का बदला है 'ऑपरेशन सिंदूर'; PM मोदी के लिए कही ये बात

 Published : May 07, 2025 07:16 pm IST,  Updated : May 07, 2025 07:16 pm IST

पहलगाम के बैसरन में आदिल हुसैन शाह खच्चर पर पर्यटकों को घुमाता था। आदिल के पिता सैयद हैदर शाह ने कहा, मैं आज बहुत खुश हूं कि सेना और पीएम मोदी ने 26 लोगों की हत्या का बदला लिया है। मुझे खुशी है कि हमले में मारे गए लोगों की आत्मा को आज शांति मिलेगी।

father of Adil Hussain Shah- India TV Hindi
सैयद आदिल हुसैन शाह के पिता और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला। Image Source : PTI

अनंतनाग: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के दौरान पर्यटकों की रक्षा करते हुए अपने जान गंवाने वाले सैयद आदिल हुसैन शाह के पिता ने बुधवार को कहा कि पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी शिविरों पर सैन्य कार्रवाई ने उनके बेटे की हत्या का बदला लिया है। पहलगाम के बैसरन में आदिल हुसैन शाह खच्चर पर पर्यटकों को घुमाता था। शाह के परिवार ने जवाबी कार्रवाई के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सशस्त्र बलों का आभार व्यक्त किया।

'PM मोदी ने 26 परिवारों को दिलाया न्याय'

शाह के पिता सैयद हैदर शाह ने कहा, “मैं आज बहुत खुश हूं कि सेना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 26 लोगों की हत्या का बदला लिया है। मुझे खुशी है कि उनकी (हमले में मारे गए लोगों की) आत्मा को आज शांति मिलेगी।” शाह के भाई सैयद नौशाद ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनके और अन्य 25 परिवारों को न्याय दिलाया है। नौशाद ने कहा, “अब, मेरे भाई और 25 अन्य निर्दोष लोगों की आत्मा को शांति मिलेगी। जब मुझे आज (बुधवार को) सुबह पता चला कि मोदी ने हत्याओं का बदला लिया है, तो मुझे खुशी हुई। हमें अब न्याय मिला है और हम बहुत खुश हैं।”

9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार देर रात पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए, जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना शामिल है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शाह और 25 अन्य पर्यटक मारे गए थे। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम शहर में बर्बर हमले के दो सप्ताह बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत सैन्य हमले किए गए। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।